भिलाई स्टील प्लांट में सुरक्षा पर बड़ा जोर, सेल CMD ने कहा—हर कर्मचारी सुरक्षित घर लौटे…
लार्ज ग्रुप इंटरैक्शन में ‘माय एरिया, माय रिस्पॉन्सिबिलिटी’ और ‘लाइन ऑफ फायर’ को कार्य व्यवहार में अपनाने का आह्वान

भिलाई । सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने भिलाई के सिविक सेंटर स्थित महात्मा गांधी कला मंदिर में आयोजित लार्ज ग्रुप इंटरैक्शन में कार्यस्थल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि संयंत्र में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं होनी चाहिए और हर कर्मचारी अपनी पाली पूरी करने के बाद सुरक्षित अपने घर लौटे।

कार्यक्रम में भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारियों, कर्मचारियों, ठेका कर्मियों, सुपरवाइजरों और सुरक्षा योद्धाओं ने सहभागिता की। इस दौरान सुरक्षित कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों को लेकर चर्चा हुई।
‘माय एरिया, माय रिस्पॉन्सिबिलिटी’ को व्यवहार का हिस्सा बनाने पर जोर
डॉ. अशोक कुमार पंडा ने कहा कि सुरक्षा केवल किसी एक विभाग या अधिकारी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि संयंत्र में काम करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘माय एरिया, माय रिस्पॉन्सिबिलिटी’ की भावना को कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने असुरक्षित कार्यप्रणालियों के प्रति शून्य सहनशीलता अपनाने तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इनमें Permit to Work और उचित Shutdown Procedure जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

‘लाइन ऑफ फायर’ से बचने की दी सीख
प्लेट मिल में कर्मचारियों से संवाद के दौरान CMD ने ‘लाइन ऑफ फायर’ की अवधारणा के महत्व को समझाया। उन्होंने संभावित खतरों के प्रति सजग रहने और ऐसे स्थानों पर खड़े होने से बचने की अपील की, जहां चल रहे उपकरणों या अन्य जोखिमों से सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर संभावित खतरे को पहचानना और समय रहते उससे बचाव करना सुरक्षित कार्य संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
असुरक्षित स्थिति दिखे तो उत्पादन रोकने का अधिकार
एसएमएस-3 में कर्मचारियों से बातचीत करते हुए डॉ. पंडा ने कहा कि उत्पादन से पहले सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। यदि किसी कर्मचारी को कोई असुरक्षित स्थिति या गतिविधि दिखाई देती है, तो वह सुरक्षा के लिए उत्पादन रोकने के लिए पूरी तरह अधिकृत है।
उन्होंने सुरक्षा के हित में आगे बढ़कर हस्तक्षेप करने और आवश्यकता पड़ने पर उत्पादन रोकने वाले कर्मचारियों के सक्रिय प्रयासों को उचित रूप से प्रोत्साहित और पुरस्कृत करने की बात कही।
अधिकारियों ने भी रखे सुरक्षा संबंधी विचार
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (एसईडी) पुष्पा एम्ब्रोस और उप महाप्रबंधक, सीएमडी सचिवालय अमित कुमार ने कार्यस्थल सुरक्षा, सुरक्षित कार्यप्रणालियों और सुरक्षा से जुड़ी प्रमुख पहलों पर प्रस्तुतियां दीं।
भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कार्यबल के सभी वर्गों से सुरक्षित कार्यप्रणालियों के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
लार्ज ग्रुप इंटरैक्शन के दौरान डॉ. पंडा ने प्रतिभागियों से सीधे संवाद किया और कार्यस्थल सुरक्षा से जुड़े उनके अनुभव, विचार और सुझाव सुने। प्रतिभागियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।
कोक ओवन बैटरी-8 और प्लेट मिल का किया निरीक्षण
लार्ज ग्रुप इंटरैक्शन से पहले डॉ. अशोक कुमार पंडा ने भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रमुख उत्पादन इकाइयों और परियोजना विभाग का दौरा किया। उन्होंने परिचालन गतिविधियों और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

कोक ओवन बैटरी-8 में विभागीय अधिकारियों से संवाद कर उन्होंने परिचालन प्रक्रियाओं की जानकारी ली और सुरक्षित एवं कुशल संचालन से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की।
वहीं प्लेट मिल में परिचालन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत की तथा संभावित जोखिमों के प्रति सतर्क रहने पर जोर दिया।
परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने पर जोर
परियोजना विभाग की समीक्षा के दौरान डॉ. पंडा ने संयंत्र में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने परियोजनाओं के क्रियान्वयन, आगामी कार्ययोजनाओं, प्रभावी समन्वय और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर चर्चा की।
उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा संयंत्र की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) निशा बाउल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रशांत ओझा ने किया।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




