bhilai-steel-plantchhattisgarhentertainmentknowledgeliteratureछत्तीसगढ़दुर्गभिलाई

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के तत्वावधान में यूको बैंक द्वारा ‘नराकास स्तरीय तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता’ संपन्न…

हिंदी में तर्क, अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास की परीक्षा; विभिन्न सदस्य संस्थानों के प्रतिभागियों ने दिखाई वाक्-कला

भिलाई । ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग’ (नराकास) के तत्वावधान में यूको बैंक, सेक्टर-1, भिलाई द्वारा 24 अगस्त को भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन विकास केन्द्र स्थित प्रथम तल सभागार में नराकास स्तरीय तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के विभिन्न सदस्य संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिंदी में अपनी वाक्-कला, ज्ञान, तर्क क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के तत्वावधान में यूको बैंक द्वारा ‘नराकास स्तरीय तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता’ संपन्न...

आयोजक संस्थान प्रमुख एवं मुख्य प्रबंधक, यूको बैंक सेक्टर-1, भिलाई सुभाष कुमार ने स्वागत उद्बोधन में आयोजन के लिए नराकास, भिलाई-दुर्ग के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यूको बैंक की ओर से नराकास स्तरीय आयोजनों का सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की नीति के अनुरूप नराकास, भिलाई-दुर्ग के सदस्य संस्थानों में हिंदी के प्रगामी प्रयोग को बढ़ावा देने और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता भी इसी कड़ी का हिस्सा रही।

पर्ची से तय हुए विषय, मौके पर दिखी प्रतिभा

प्रतियोगिता के प्रारंभ में प्रतिभागियों को नियमों की जानकारी दी गई। इसके बाद क्रम निर्धारण के लिए लॉटरी निकाली गई। प्रतिभागियों ने क्रमवार पर्चियां निकालकर प्राप्त विषयों पर तत्काल भाषण प्रस्तुत किया। सीमित समय में विषय को समझकर प्रभावी तर्क, भाषा और अभिव्यक्ति के साथ प्रस्तुति देना प्रतियोगिता की प्रमुख चुनौती रही।

प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्णायक मंडल ने किया। मूल्यांकन के बाद परिणाम घोषित किए गए।

अजिताभ कुमार प्रथम, सौरभ मिश्रा दूसरे और ऊषा साहू तीसरे स्थान पर

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के प्रशासनिक अधिकारी अजिताभ कुमार ने हासिल किया। द्वितीय पुरस्कार भारतीय डाक विभाग के पैकर सौरभ मिश्रा को तथा तृतीय पुरस्कार जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र, भिलाई इस्पात संयंत्र की स्टाफ नर्स ऊषा साहू को प्रदान किया गया।

प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त करने वालों में भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ मानचित्रकार के. सुरेश, ब्लास्ट फर्नेस के जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट किशोर कुमार साव, एसपी-3 के जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट मनीष, भारतीय जीवन बीमा निगम के उच्च श्रेणी सहायक शैलेश बोरकर तथा जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र की स्टाफ नर्स शीलमणि ईवा बखला शामिल रहीं।

निर्णायकों ने दिए प्रभावी भाषण के गुर

निर्णायक एवं उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन–राजभाषा), भिलाई इस्पात संयंत्र जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने कहा कि तात्कालिक भाषण जैसी प्रतियोगिताओं में समय सीमित होता है, इसलिए कम शब्दों में अधिक से अधिक प्रभावी तर्क प्रस्तुत करना जरूरी है। उन्होंने अतिरंजना और अनावश्यक विस्तार से बचने, उदाहरणों, संस्मरणों एवं उद्धरणों का जरूरत के अनुसार सीमित इस्तेमाल करने तथा प्रभावी शब्दावली और शुद्ध भाषा पर जोर दिया।

महाप्रबंधक (सेल-सीईटी) पारमिता महान्ति ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ प्रस्तुति दी। पुरस्कार सीमित होने के कारण कई प्रतिभागी मामूली अंकों के अंतर से सम्मान से चूक जाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

महाप्रबंधक (निरीक्षण), राइट्स लिमिटेड राजीव कुमार आहूजा ने सभी प्रस्तुतियों को उत्कृष्ट एवं प्रशंसनीय बताया। उन्होंने कहा कि पुरस्कार सूची में नाम नहीं आने से प्रतिभागियों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। कुछ अंकों के अंतर से पुरस्कार से वंचित रहना प्रतिभा की कमी नहीं दर्शाता। निरंतर प्रतियोगिताओं में भाग लेने से सफलता हासिल की जा सकती है।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा), अंचल कार्यालय, यूको बैंक अमित सरवर ने किया।

प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र के अलावा केनरा बैंक, डाक विभाग, भारतीय जीवन बीमा निगम, दि न्यू इंडिया एश्योरेंस, एचएससीएल और सशस्त्र सीमा बल सहित नराकास, भिलाई-दुर्ग के विभिन्न सदस्य संस्थानों के कार्मिकों ने भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button