
रायपुर/ संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 16.08.2026 को दोपहर में ग्राम गुढियारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर प्रार्थी बिसहत यादव उम्र 46 वर्ष एवं अन्य कर्मचारी निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी अविचल अग्रवाल अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन क्रमांक CG 04 LU 7326 से मौके पर पहुंचा।
आरोपी द्वारा सोलर प्लांट में चल रहे निर्माण कार्य को बंद करने की धमकी दी गई। इसी दौरान आरोपी ने पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना के दौरान आरोपी द्वारा जमीन मालिक दीपक अग्रवाल को भी धमकाया गया तथा इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ वाहन से मौके से चला गया।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना जामगांव (आर) पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटना से संबंधित तथ्यों एवं उपलब्ध सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई तथा देर रात घेराबंदी कर आरोपी अविचल अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की गई। आरोपी को दिनांक 17.08.2026 को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से 02 दिवस का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। प्रकरण में आगे की विवेचना एवं पूछताछ जारी है।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
आरोपी अपने साथियों के साथ वाहन से सोलर प्लांट निर्माण स्थल पहुंचा और वहां कार्यरत कर्मचारियों को निर्माण कार्य बंद करने की धमकी दी। विवाद के दौरान पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भय उत्पन्न किया तथा जमीन मालिक को भी धमकी देकर मौके से चला गया।
घटना स्थल- ग्राम गुढियारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल, थाना जामगांव (आर), जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम- अविचल अग्रवाल, उम्र 52 वर्ष,निवासी टैगोर नगर रायपुर (छत्तीसगढ़)
जप्त सामग्री- 01 नग पिस्टल, घटना में प्रयुक्त।
अपराध- थाना जामगांव (आर) में आरोपी के विरुद्ध धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। प्रकरण में बरामद पिस्टल के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना की जा रही है।
सराहनीय कार्य- उक्त कार्रवाई में एसडीओपी पाटन, क्राइम ब्रांच दुर्ग, थाना प्रभारी जामगांव (आर) एवं थाना जामगांव (आर) के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि भूमि, निर्माण कार्य अथवा अन्य किसी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। किसी व्यक्ति द्वारा धमकी, फायरिंग अथवा अन्य हिंसक गतिविधि किए जाने की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




