बदलती व्यापारिक परिस्थितियों को समझे और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार रखे- विष्णु वैभव द्विवेदी

भिलाई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, भिलाई इकाई द्वारा जेन जी युवाओं को वर्ष 2030 के व्यापार मॉडल, उद्यमिता एवं नए स्टार्टअप की संभावनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से 30 युवाओं का दल अजय भसीन के नेतृत्व में 17 अगस्त को अहमदाबाद रवाना होगा।
30 उत्साही युवाओं हेतु नवाचार पर एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन चेम्बर कार्यालय भिलाई में किया गया। कार्यक्रम में आई आई टी के सी ई ओ विष्णु वैभव द्विवेदी जी का भिलाई चेम्बर द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। श्री द्विवेदी ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि आने वाला समय पारंपरिक व्यापार से आगे बढ़कर तकनीक, नवाचार, डिजिटल प्लेटफॉर्म और नए बिजनेस मॉडल का है।
जेन जी युवाओं में नई सोच, जोखिम उठाने की क्षमता एवं तकनीक को अपनाने की क्षमता है, जिसका उपयोग वे नए उद्यम एवं स्टार्टअप खड़े करने में कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं को बदलती व्यापारिक परिस्थितियों को समझने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि आज के युवा केवल रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बनें, यही समय की आवश्यकता है। वर्ष 2030 के व्यापार मॉडल को समझने और युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करने की दिशा में ऐसे संवाद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
चेयरमैन दिनकर बसोतिया ने कहा कि व्यापार जगत में निरंतर बदलाव हो रहा है। ऐसे समय में युवा यदि नवाचार और तकनीक को अपने व्यापार का आधार बनाएं तो वे स्थानीय स्तर से लेकर वैश्विक स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। भिलाई चेम्बर अध्यक्ष श्रीमती गार्गी शंकर मिश्रा ने कहा कि भिलाई चेम्बर का प्रयास है कि युवा पीढ़ी को व्यापार एवं उद्योग के बदलते स्वरूप से जोड़ा जाए।
जेन जी युवाओं को नई तकनीक, स्टार्टअप एवं भविष्य के व्यापार मॉडल की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं उद्यमशील बनाने की दिशा में चेम्बर निरंतर कार्य करेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नवाचार एवं नई सोच रखने वाले जेन जी युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने विष्णु वैभव द्विवेदी से स्टार्टअप, बिजनेस आइडिया, तकनीक एवं भविष्य के व्यापार मॉडल से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपने प्रश्न भी रखे।
कार्यक्रम के अंत में संयोजक विकास जायसवाल ने विष्णु वैभव द्विवेदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को भविष्य के व्यापार की दिशा से जोड़ने वाले ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगी।




