Durg Crime: GOLD FLAKE के नाम पर चल रहा था नकली सिगरेट का खेल! 18 हजार फर्जी सिगरेट जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग संक्षिप्त विवरण
दिनांक 11.08.2026 को प्रार्थी द्वारा थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि वह Private Eye Intellectual Property Right Solutions में Field Officer के पद पर कार्यरत है तथा ITC Limited द्वारा अपने उत्पादों की नकल करने एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही हेतु अधिकृत है।
प्रार्थी को प्राप्त सूचना के आधार पर इंदिरा मार्केट, दुर्ग स्थित SSD TRADERS में ITC Limited के GOLD FLAKE PREMIUM ब्रांड के नकली उत्पादों का विक्रय किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई। सूचना पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मौके पर जांच एवं आवश्यक साक्ष्य संकलन किया गया।
प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 440/2026, धारा 318(4) BNS एवं धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम, 1957 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
आरोपियों द्वारा निजी आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से ITC Limited के GOLD FLAKE PREMIUM ब्रांड के नाम, पैकेजिंग एवं पहचान से मिलते-जुलते नकली सिगरेट उत्पादों का विक्रय किया जा रहा था, जिससे वास्तविक उत्पाद के संबंध में भ्रम उत्पन्न होने तथा कंपनी को आर्थिक क्षति पहुंचने की स्थिति निर्मित हो रही थी।
घटना स्थल
इंदिरा मार्केट, SSD TRADERS, दुर्ग, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग क्षेत्र, जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम
1. विशाल जसवानी, उम्र 36 वर्ष, निवासी गुरूनानक नगर, सत्यम बेकरी गली, मकान नंबर 319, दुर्ग, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग (छ.ग.)।
2. निखिल सिहानी, उम्र 29 वर्ष, निवासी सदानी नगर, सिंधी कॉलोनी, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग (छ.ग.)।
जप्त सामग्री
1. GOLD FLAKE PREMIUM नाम अंकित कुल 24 बंडल, प्रत्येक बंडल में 50 पैकेट एवं प्रत्येक पैकेट में 10 सिगरेट, कुल 12,000 सिगरेट; कुल कीमत ₹1,38,000/-।
2. GOLD FLAKE PREMIUM नाम अंकित कुल 12 बंडल, प्रत्येक बंडल में 50 पैकेट एवं प्रत्येक पैकेट में 10 सिगरेट, कुल 6,000 सिगरेट; कुल कीमत ₹69,000/-।
3. दोनों प्रकार के उत्पादों के पैकेट पर MRP ₹115/- एवं QR नंबर 8901725176518 अंकित पाया गया।
4. कुल 18,000 सिगरेट, कुल कीमत ₹2,07,000/-।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस टीम द्वारा सूचना प्राप्त होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर जांच, नकली उत्पादों की जप्ती, आरोपियों की गिरफ्तारी एवं आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। प्रकरण में पुलिस टीम द्वारा विवेचना एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई निरंतर की जा रही है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील करती है कि किसी भी ब्रांड के नकली अथवा संदिग्ध उत्पादों की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। उपभोक्ता भी उत्पाद खरीदते समय उसकी पैकेजिंग एवं प्रामाणिकता की जांच करें। नकली उत्पादों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



