UPSSSC Vacancy : यूपी में पशुधन प्रसार अधिकारी के 1251 पदों पर निकली भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन

UPSSSC Vacancy : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राज्य पशुपालन विभाग में पशुधन प्रसार अधिकारी के 1251 पदों पर भर्ती निकाली है. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वेबसाइट पर जाकर करना है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया नौ सितंबर 2026 को शुरू होगी. आवेदन की अंतिम तिथि 29 सितंबर 2026 है.
नोटिफिकेशन के अनुसार, उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक आवेदन फॉर्म में करेक्शन/संशोधन कर सकेंगे. अभ्यर्थियों को सलाह है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें. ताकि अंतिम तिथि में वेबसाइट सर्वर पर किसी भ्पी प्रकार की तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े.
शैक्षणिक योग्यता
पशुधन प्रसार अधिकारी पद के लिए अभ्यर्थियों के पास ये योग्यताएं होना अनिवार्य है-
UPSSSC पीईटी स्कोरकार्ड- अभ्यर्थियों के पास आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) स्कोरकार्ड होना जरूरी है. इसी पीईटी स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा.
शैक्षणिक योग्यता- आवेदक को बायोलॉजी या कृषि विज्ञान विषय के साथ 12वीं पास होना चाहिए या पशुपालन और डेयरी में डिप्लोमा किया होना चाहिए.
आयु सीमा
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवरों की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम 40 साल है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र सीमा में नियम के अनुसार छूट मिलेगी.
सिर्फ 25 रुपये है आवेदन शुल्क
इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क सिर्फ 25 रुपये है. फीस का पेमेंट ऑनलाइन मोड में किया जा सकता है.
मुख्य परीक्षा पैटर्न
पीईटी स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा पास करनी होगी. इस परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे. समय अवधि दो घंटे होगी. परीक्षा में प्रश्न वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय प्रकार के होंगे. प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा. गलत जवाब देने पर 25 फीसदी अंक यानी एक चौथाई अंक कट जाएंगे.




