भिलाई श्रमिक सभा (HMS) का आम चुनाव संपन्न, एचएस मिश्रा अध्यक्ष और डीके सिंह महासचिव निर्वाचित

भिलाई। भिलाई श्रमिक सभा (HMS) यूनियन का आम चुनाव मंगलवार 11 अगस्त 2026 को इंडियन कॉफी हाउस, सुपेला के सभागार में संपन्न हुआ। पंजीयक व्यवसायिक संघ के दिशा-निर्देशों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराई गई। चुनाव की निगरानी के लिए सहायक श्रमायुक्त दुर्ग पायल शर्मा मौजूद रहीं। उनके सहयोगी के रूप में श्री पाल एवं श्री वसंत वर्मा भी उपस्थित रहे।
एचएस मिश्रा बने यूनियन के अध्यक्ष
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत मंच संचालक प्रमोद कुमार मिश्र द्वारा चुनाव अधिकारी की अनुमति के बाद की गई। आमसभा की अध्यक्षता के लिए प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष छत्तीसगढ़ एचएस मिश्रा के नाम का प्रस्ताव डीके सिंह ने रखा, जिसका सदन ने करतल ध्वनि के साथ समर्थन किया।
इसके बाद यूनियन के अध्यक्ष पद के लिए डीके सिंह ने एचएस मिश्रा के नाम का प्रस्ताव रखा। हरिराम यादव एवं टीकाराम साहू ने प्रस्ताव का समर्थन किया। अध्यक्ष पद के लिए अन्य कोई नाम सामने नहीं आने पर चुनाव अधिकारी ने एचएस मिश्रा को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।
डीके सिंह को मिली महासचिव की जिम्मेदारी
महासचिव पद के लिए जेके गहिने ने डीके सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन धनीराम सोनवानी एवं राजेश शर्मा ने किया। अन्य कोई नाम प्रस्तावित नहीं होने पर चुनाव अधिकारी ने डीके सिंह को महासचिव निर्वाचित घोषित किया। सदन ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नवनिर्वाचित महासचिव का स्वागत किया।
अध्यक्ष और महासचिव को दी गई अन्य पदाधिकारियों के चयन की जिम्मेदारी
आमसभा में प्रस्ताव रखा गया कि यूनियन के शेष पदाधिकारियों के चयन की जिम्मेदारी नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं महासचिव को सौंपी जाए। सदस्यों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया।
इसके बाद एचएस मिश्रा और डीके सिंह ने चुनाव अधिकारी से पदाधिकारियों के चयन के लिए आधे घंटे का समय मांगा। अनुमति मिलने के बाद विचार-विमर्श कर पदाधिकारियों की सूची चुनाव अधिकारी को सौंपी गई। महासचिव डीके सिंह ने सभी पदाधिकारियों के नाम सदन के समक्ष पढ़कर सुनाए, जिसका उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से समर्थन किया।
ठेका श्रमिकों के मुद्दे पर यूनियन को मजबूत करने का आह्वान
नवनिर्वाचित अध्यक्ष एचएस मिश्रा ने आमसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश में ठेका श्रमिकों की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र में भी यूनियन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में काम करने की बात कही।
डीके सिंह ने जताया यूनियन को मजबूत करने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित महासचिव डीके सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यूनियन को मजबूत करने के लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे, उन्हें संगठन की ओर से उठाया जाएगा।
आमसभा में एचएस मिश्रा, प्रेम सिंह चंदेल, जी जोगेंद्र राव, हरिराम यादव, डीके सिंह, अशोक पंडा, जेके गहिने, एमके जगदाले, आदित्य माथुर, वीके पांडे, वीके सिंह, देशराज प्रसाद, त्रिलोक मिश्रा, एनके सिंह, अनिल कुमार जैन, राजेश शर्मा, नितेंद्र देशलहरे, विनोद कुमार, रघुवर गोंड, डीआर सोनवानी, टीकाराम साहू, विष्णु कुमार पटेल, नरेंद्र कुमार पटेल, कृष्ण बलराम यादव, दशरथ लाल पटेल, एससी रथ, ए चिन्ना, मिथिलेश सिंह, नितेश्वर ध्रुव, मनोज कुमार दास, पीके सौदागर, सूरज कुमार, दुर्गेश सोनवाने, एके मिश्रा, महफूज अहमद, अनु कुमार, शेषनाथ सिंह, सावित्री मिश्रा, बृजेश चौधरी, अभय पुरानिक, जेएस भट्टी, गुरदेव सिंह, राम विशाल, कुंवर सिंह, धर्मेंद्र शर्मा, बीपी यादव, गुलाबचंद सोनी, इकबाल सिंह, पंकज शर्मा, मुकुंद पांडे, गोविंद सिंह, नेपाल सिंह, अभय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में यूनियन के सक्रिय सदस्य मौजूद रहे। पूर्व सहायक श्रम आयुक्त संजय सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।




