दुर्ग

सड़क सुरक्षा के लिए यातायात पुलिस दुर्ग की सघन कार्रवाई, एक सप्ताह में 6,592 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई, नियमों के पालन हेतु विशेष अभियान निरंतर जारी

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आमजन के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जिले की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा विगत एक सप्ताह से विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्ग, व्यस्त बाजार क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर नियमित वाहन चेकिंग की गई।

चेकिंग के दौरान ऐसे वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी गई जो बिना हेलमेट वाहन चला रहे थे, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं कर रहे थे, नो पार्किंग में वाहन खड़ा कर रहे थे, तीन सवारी बैठाकर वाहन चला रहे थे अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन कर स्वयं एवं अन्य नागरिकों के जीवन को जोखिम में डाल रहे थे। ऐसे सभी मामलों में मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

विगत एक सप्ताह की चालानी कार्रवाई :

बिना हेलमेट – 4,140

नो पार्किंग – 978

बिना सीट बेल्ट – 513

तीन सवारी – 434

अन्य धाराओं में – 164

बिना बीमा – 95

लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना – 70

शराब सेवन कर वाहन चलाना – 48

तेज रफ्तार – 44

नो-एंट्री का उल्लंघन – 32

ब्लैक फिल्म – 27

वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग – 27

परमिट शर्तों का उल्लंघन – 20

कुल चालानी कार्रवाई – 6,592

यातायात पुलिस के अनुसार सर्वाधिक कार्रवाई बिना हेलमेट, नो पार्किंग, बिना सीट बेल्ट एवं तीन सवारी के मामलों में की गई है। यह दर्शाता है कि अनेक वाहन चालक अभी भी मूलभूत यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट, मृत्यु एवं गंभीर शारीरिक क्षति का प्रमुख कारण हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग न करना पाया गया है। इसी प्रकार शराब सेवन कर वाहन चलाना, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाना तथा तेज गति से वाहन चलाना भी गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं।

सराहनीय कार्य :

यातायात पुलिस दुर्ग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा समन्वित रूप से जिलेभर में लगातार वाहन जांच, यातायात प्रबंधन एवं जनजागरूकता अभियान संचालित करते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की गई, जिससे यातायात नियमों के पालन के प्रति नागरिकों में सकारात्मक जागरूकता बढ़ी तथा सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए।

दुर्ग पुलिस की अपील :

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सड़क पर निकलते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मानक हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें। शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा नो-पार्किंग एवं नो-एंट्री नियमों का सम्मान करें। आपकी सतर्कता एवं नियमों का पालन ही सुरक्षित यातायात और सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क सुरक्षा हेतु सघन प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button