भारत-यूके बिजनेस डेलिगेशन में छत्तीसगढ़ का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व…

लंदन (यूनाइटेड किंगडम) भारत सरकार एवं एफआईसीसीआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भारत-यूके बिजनेस डेलिगेशन कार्यक्रम का दो दिवसीय सफल आयोजन लंदन में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भारत सरकार के माननीय केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल जी के नेतृत्व में भारत के विभिन्न राज्यों से आए उद्योगपतियों, उद्यमियों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों, निर्यातकों एवं एमएसएमई क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
छत्तीसगढ़ से डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, अध्यक्ष उद्योग चेम्बर भिलाई, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं सीईओ, जेपी इंजीनियरिंग, भिलाई ने प्रतिनिधि के रूप में सहभागिता करते हुए कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बिजनेस प्लेनरी एवं एमएसएमई संवाद सत्र में माननीय पीयूष गोयल जी ने प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की तथा भारत सरकार की उद्योग, निवेश, निर्यात संवर्धन एवं एमएसएमई विकास संबंधी नीतियों की जानकारी साझा की।
उन्होंने आश्वस्त किया कि भारत सरकार एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक बाजारों से जोड़ने, निर्यात क्षमता बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस संवाद सत्र के दौरान सभी प्रतिनिधियों को अपना परिचय देने एवं अपने-अपने उद्योग, व्यवसाय एवं कार्यक्षेत्र के बारे में जानकारी प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया।
प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा भारत और यूनाइटेड किंगडम के मध्य व्यापार, निवेश, तकनीकी सहयोग, उन्नत विनिर्माण, हरित ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं नवाचार के क्षेत्रों में संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के प्रमुख बिंदु
• भारत-यूके बिजनेस प्लेनरी सत्र
• एमएसएमई एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संवाद
• सेक्टर-विशिष्ट बैठकों में सहभागिता
• यूके के उद्योग जगत एवं निवेशकों के साथ नेटवर्किंग
• एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, एआई, हेल्थकेयर, लॉजिस्टिक्स एवं शिक्षा क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा
• भारत-यूके आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने हेतु सुझावों का आदान-प्रदान
डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि यह यात्रा केवल एक प्रतिनिधिमंडल कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय उद्योगों विशेषकर छत्तीसगढ़ के एमएसएमई एवं विनिर्माण क्षेत्र के लिए वैश्विक अवसरों के द्वार खोलने वाला महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुई है। इस दौरान स्थापित हुए संपर्क, प्राप्त अनुभव एवं व्यावसायिक अवसर प्रदेश के औद्योगिक विकास में सहायक होंगे।
डॉ. गुप्ता ने भारत सरकार, एफआईसीसीआई, माननीय श्री पीयूष गोयल जी, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस यात्रा से प्राप्त अनुभवों को प्रदेश के उद्यमियों तक पहुँचाने एवं स्थानीय उद्योगों को वैश्विक बाजार से जोड़ने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
“स्थानीय उद्योग से वैश्विक अवसरों की ओर – एक सार्थक एवं गौरवपूर्ण कदम।”
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना शंकर सचदेव ने दी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




