भिलाई निगम की कार्रवाई, रेलवे स्टेशन के सामने फैले कबाड़ पर जप्ती की कार्रवाई…

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से फैलाई गई कबाड़ सामग्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन-3 मदर टेरेसा नगर अंतर्गत वार्ड क्रमांक 36 में पावर हाउस रेलवे स्टेशन के सामने जगदम्बा स्वीट्स के पास बड़े पैमाने पर कबाड़ियों द्वारा कचरा एवं कबाड़ सामग्री फैला कर रखी गई थी।
स्थल का निरीक्षण करने पर पाया गया कि फैली हुई सामग्री के कारण क्षेत्र की स्वच्छता प्रभावित हो रही थी तथा आम नागरिकों एवं राहगीरों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। निगम की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर संबंधित कबाड़ियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कबाड़ सामग्री की जप्ती की गई।
कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक तथा राजस्व विभाग के सुपरवाइजर सहित निगम का अमला उपस्थित रहा। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा एवं कबाड़ फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम ने नागरिकों एवं व्यवसायियों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या कबाड़ सामग्री नहीं फैलाने की अपील की है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




