कुटेश्वर माइंस में चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन, नवीन डेंटल चेयर का हुआ उद्घाटन…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएच एंड आरसी), भिलाई के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेन्द्र ठाकुर ने उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशिक किशोर के साथ कुटेश्वर माइंस का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने कुटेश्वर चिकित्सालय एवं डिस्पेंसरी में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
दौरे के दौरान डॉ. कौशलेन्द्र ठाकुर ने कुटेश्वर डिस्पेंसरी में नवस्थापित डेंटल चेयर का उद्घाटन किया। उन्होंने चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता, रोगी सुविधाओं तथा स्वास्थ्य अधोसंरचना का निरीक्षण करते हुए चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही, उन्होंने गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर चिकित्सा सेवाओं से संबंधित विभिन्न चुनौतियों, आवश्यकताओं एवं सुधार की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। डॉ. ठाकुर ने रोगी देखभाल की गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा चिकित्सा सुविधाओं के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उनके मार्गदर्शन से कुटेश्वर माइंस में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर कुटेश्वर माइंस चिकित्सा टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेन्द्र ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार तथा कुटेश्वर माइंस के महाप्रबंधक मनोज कुमार के सतत मार्गदर्शन, सहयोग एवं प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




