madhya-pradeshमध्यप्रदेश

CM हेल्पलाइन पर सख्ती: 8 मई तक 80% स्कोर का टारगेट, लापरवाही पर होगी कार्रवाई—कलेक्टर के सख्त निर्देश…

रीवा/ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण तथा टीएल पत्रों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी पूरी गंभीरता के साथ प्रयास करके सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करके 8 मई तक जिले का स्कोर 80 प्रतिशत से ऊपर पहुंचाएं।

सीएम हेल्पलाइन से मिले डेटा का विश्लेषण करके आवेदन पत्रों के निराकरण की रणनीति बनाएं। इसी तरह टीएल पत्रों का तीन दिन में अनिवार्य रूप से निराकरण करें। समय सीमा का पालन न होने पर कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग, राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय तथा स्वास्थ्य विभाग सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान में प्रगति संतोषजनक नहीं है। अभियान में शामिल सभी विभागों के अधिकारी निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप जल संरक्षण के कार्य कराएं। इन कार्यों का विवरण पोर्टल पर अद्यतन अपलोड कराएं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद के सीईओ तथा सीएमओ भी इस पर विशेष ध्यान दें।

उप संचालक कृषि सभी एसडीएम से संपर्क करके नरवाई जलाने वाले किसानों के विरूद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए जागरूक करें। सभी अधिकारी अब केवल ई आफिस के माध्यम से ही पत्र और फाइलें भेजेंगे। हार्डकॉपी में फाइलें स्वीकार नहीं की जाएंगी। जिला के साथ-साथ तहसील स्तर तक भी ई आफिस व्यवस्था लागू कराएं।

कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी कमिश्नर्स-कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के विभागीय एजेण्डा बिन्दुओं पर तत्परता से कार्यवाही करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभागीय कार्यों पर विशेष ध्यान दें। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए समन्वय से प्रयास करें।

अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वत्वों के भुगतान तथा पेंशन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा से अनुकंपा नियुक्ति के सभी लंबित प्रकरण निराकृत करें। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।

सभी चार्ज अधिकारी तथा सीएमओ प्रगणकों के एकाउंट ऑनलाइन आज ही लॉगिन कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय सीमा में जनगणना का कार्य पूरा कराएं। सभी एसडीएम जनगणना कार्य की प्रगति की नियमित मानीटरिंग करें।

कलेक्टर ने कहा कि कार्यपालन यंत्री पीएचई बिगड़े हैण्डपंपों के सुधार के लिए अभियान चलाएं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में गर्मियों में पानी की आपूर्ति के लिए बनाई गई कार्ययोजना के अनुरूप कार्यवाही करें। पेयजल व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण कराएं। जिला विपणन अधिकारी किसानों को केवल ई टोकन के माध्यम से ही खाद का वितरण कराएं।

निजी विक्रेताओं को भी ई टोकन से खाद बिक्री की हिदायत दें। बैठक में कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी योजना, गेंहू उपार्जन तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अग्रणी बैंक प्रबंधक सभी स्वरोजगार योजनाओं के बैंकवार लक्ष्य निर्धारित कर दें।

इनकी पूर्ति 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से कराएं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button