मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: रीवा और मऊगंज की करीब 4 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 59.17 करोड़ रुपए…

रीवा/ मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं को आर्थिक सहायता राशि का अंतरण माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा जिला नरसिंहपुर के ग्राम मुगवानी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर की लाड़ली बहनों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता राशि अंतरित की गई।
रीवा एवं मऊगंज जिले की कुल तीन लाख 99 हजार 184 हितग्राही महिलाओं के खातों में कुल उनसठ करोड़ सत्रह लाख बहत्तर हजार पाँच सौ रुपये की राशि अंतरित की गई। यह राशि सीधे हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में जमा की गई, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिले के समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा विशेष व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं। जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनाएँ उपस्थित हुईं तथा सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री महोदय के उद्बोधन एवं कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
इस दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह, उमंग एवं खुशी का वातावरण देखने को मिला। महिलाओं ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने कहा कि योजना अंतर्गत प्रतिमाह प्राप्त होने वाली राशि से उन्हें घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार के अन्य आवश्यक कार्यों में सहयोग मिल रहा है।
योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ उनमें आत्मनिर्भरता एवं आत्मसम्मान की भावना भी विकसित हुई है। इस अवसर पर आंगनवाड़ी केन्द्रों में महिलाओं को योजना की जानकारी भी प्रदान की गई तथा शासन द्वारा संचालित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कई स्थानों पर महिलाओं द्वारा मुख्यमंत्री महोदय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई। रीवा एवं मऊगंज जिले के समस्त विकासखंडों, ग्राम पंचायतों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। लाड़ली बहनों द्वारा इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी को महिलाओं के हित में संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना धन्यवाद दिया गया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




