छत्तीसगढ़दुर्गभिलाई

25वीं राज्य स्तरीय सीनियर बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 उद्घाटित…

25वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय सीनियर बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन 04 से 06 अगस्त तक सेक्टर-4 स्थित बीएसपी बॉल बैडमिंटन कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 4 अगस्त 2025 को भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संदीप माथुर के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन संघ के कार्यकारी अध्यक्ष इसरार अहमद, बीएसपी बॉल बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष एवं उप प्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) रजी उन्नी, क्लब के सचिव डीवीएस रेड्डी, कोषाध्यक्ष श्यामल बनर्जी, महासचिव वाय राजा राव तथा नासिर खान भी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि संदीप माथुर ने सभी प्रतिभागियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए दृढ़ निश्चय और समर्पण आवश्यक है और आप सभी खिलाड़ियों को अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

उन्होंने खेल के साथ-साथ शिक्षा पर भी ध्यान केंद्रित कर आगे बढते रहने के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित किया।
इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 18 और महिला वर्ग की 14 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन शानदार और रोमांचक मुकाबले खेले गये।

महिला वर्ग में कबीरधाम ने रायपुर को 35-09 एवं 35-21 से पराजित कर शानदार शुरुआत की। महासमुंद ने गरियाबंद को 35-18 और 35-21 से हराकर जीत दर्ज की। दुर्ग और गरियाबंद के बीच हुए मुकाबले में गरियाबंद ने 35-05 और 35-17 से जीत हासिल की, वहीं धमतरी ने बलौदा बाजार को 35-22 एवं 35-37 से हराया।

पुरुष वर्ग में धमतरी और बस्तर के मध्य मुकाबले में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच धमतरी ने 31-35, 35-28 और 35-31 से मुकाबला जीत लिया। गरियाबंद कॉरपोरेशन और रायगढ़ के बीच हुए मुकाबले में गरियाबंद कॉरपोरेशन ने 35-37, 35-29 और 26-35 से विजय प्राप्त की। एनएमडीसी और गरियाबंद जिले के बीच हुए संघर्षपूर्ण मुकाबले में एनएमडीसी ने 37-35, 28-35 और 36-34 से जीत दर्ज की।

महासमुंद ने बलौदा बाजार को 33-35, 35-12 और 35-25 से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट पद्धति के आधार पर खेली जा रही है। उद्घाटन समारोह के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागी खिलाडियों ने भाग लिया।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com.

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button