careerchhattisgarheducationknowledgelifestyleकैरियरछत्तीसगढ़जीवन-शैलीदुर्गमनोरंजनयूटिलिटी न्यूजरिपोर्टलाइफस्टाइल

दुर्ग में श्रमिकों को बड़ी राहत: 669 शिविरों में मिले 27,718 आवेदन, अब नगरीय निकायों में खुलेंगे श्रमिक सहायता काउंटर…

आधार आधारित ई-केवाईसी से लेकर श्रमिक कार्ड संशोधन और योजनाओं का लाभ दिलाने तक मिलेगी सुविधा, कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जारी किए निर्देश

दुर्ग। जिले के पंजीकृत निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने और पंजीयन संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए श्रम विभाग द्वारा विशेष पहल की जा रही है। एक ओर श्रमिकों के आधार आधारित ई-केवाईसी एवं अभिलेख अद्यतन का कार्य तेजी से जारी है, वहीं दूसरी ओर श्रमिकों की सुविधा के लिए नगरीय निकायों के प्रमुख वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रमिक सहायता काउंटर स्थापित किए जाएंगे। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार इस संबंध में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

669 शिविरों में मिले 27,718 श्रमिकों के आवेदन

श्रम विभाग द्वारा जिले में पंजीकृत श्रमिकों के अभिलेखों को आधार कार्ड के अनुरूप अद्यतन करने के लिए लगातार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक लगभग 669 शिविरों के माध्यम से 27,718 पंजीकृत श्रमिकों के श्रम पंजीयन कार्ड को आधार कार्ड के अनुरूप अपडेट करने के आवेदन प्राप्त हुए हैं।

सहायक श्रमायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 1 लाख 14 हजार 36 श्रमिकों का नया पंजीयन लंबित नहीं है, बल्कि ये सभी पूर्व से पंजीकृत श्रमिक हैं, जिनके पुराने पंजीयन अभिलेखों का आधार कार्ड से मिलान और आवश्यक संशोधन किया जा रहा है।

दोहरे और अपात्र पंजीयन रोकने ई-केवाईसी अनिवार्य

शासन द्वारा श्रमिकों के दोहरे एवं अपात्र पंजीयन को रोकने, योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों तक डीबीटी के माध्यम से सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से आधार आधारित ई-केवाईसी अनिवार्य की गई है।

पुराने पंजीयन अभिलेखों में नाम की वर्तनी, जन्मतिथि, पता और मोबाइल नंबर में अंतर होने के कारण कुछ मामलों में ऑनलाइन सत्यापन में समय लग रहा है। ऐसे प्रकरणों के निराकरण के लिए श्रम विभाग द्वारा तकनीकी सहायता और अभिलेखों में संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, लोक सेवा केंद्रों और च्वाइस सेंटरों के माध्यम से प्रचार-प्रसार के साथ ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं।

नगरीय निकायों में स्थापित होंगे श्रमिक सहायता काउंटर

श्रमिकों को पंजीयन और योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जिले के नगरीय निकायों के प्रमुख वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रमिक सहायता काउंटर स्थापित किए जाएंगे।

इन काउंटरों के माध्यम से निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों को कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलेंगी। इनमें नवीन श्रमिक पंजीयन, श्रमिक कार्ड में नाम, जन्मतिथि, पता और मोबाइल नंबर की त्रुटियों का सुधार, पंजीयन कार्ड का नवीनीकरण तथा आधार आधारित ई-केवाईसी से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के आवेदन प्राप्त करने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और श्रमिकों की कार्यस्थल संबंधी समस्याओं एवं शिकायतों का निराकरण करने की व्यवस्था भी की जाएगी।

कंप्यूटर और इंटरनेट सहित उपलब्ध कराए जाएंगे संसाधन

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने संबंधित नगरीय निकायों को श्रमिक सहायता काउंटरों के संचालन के लिए कंप्यूटर, इंटरनेट सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही श्रम विभाग के कर्मचारियों के साथ अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को भी कहा गया है। इससे श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर ही पंजीयन, कार्ड संशोधन, नवीनीकरण और योजनाओं से संबंधित सुविधाएं मिल सकेंगी।

अब तक करोड़ों रुपये की सहायता से लाभान्वित हुए श्रमिक

श्रम विभाग के अनुसार मंडल गठन से अब तक छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत 3 लाख 91 हजार 883 श्रमिकों को कुल 1 अरब 25 करोड़ 75 लाख 59 हजार 147 रुपये की सहायता प्रदान की गई है।

वहीं छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत 57 हजार 263 श्रमिकों को 53 करोड़ 53 लाख 52 हजार 692 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। इसके अलावा पिछले तीन वर्षों में विभिन्न श्रेणियों के 26 हजार 551 श्रमिकों को 59 करोड़ 19 लाख 43 हजार 750 रुपये से लाभान्वित किया गया है।

श्रमिकों से ई-केवाईसी जल्द पूरा कराने की अपील

विभाग के अनुसार जिन श्रमिकों के पंजीयन कार्ड अद्यतन हो चुके हैं, उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है। शेष श्रमिकों के अभिलेखों को अपडेट करने की प्रक्रिया जारी है।

श्रम विभाग ने श्रमिकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और अपने नजदीकी च्वाइस सेंटर (सीएससी) अथवा विभागीय शिविर में आधार कार्ड एवं श्रमिक पंजीयन कार्ड के साथ पहुंचकर आवश्यक संशोधन जल्द पूरा कराएं। इससे कोई भी पात्र श्रमिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे  :   https://jantakikalam.com/

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।

खबरों और विज्ञापन के लिये सम्पर्क करे
[email protected]
मो. – 9827156570

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button