CGPSC चेयरमैन की नियुक्ति में देरी पर देवेंद्र यादव का हमला, बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं…
ढाई महीने से खाली है CGPSC चेयरपर्सन का पद, अटके इंटरव्यू और भर्ती परीक्षाओं को लेकर कांग्रेस विधायक ने सरकार से मांगा जवाब

भिलाई। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में चेयरपर्सन की नियुक्ति में हो रही देरी और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण प्रदेश के हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। वर्षों तक मेहनत और तैयारी करने वाले अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं के नोटिफिकेशन और लंबित चयन प्रक्रियाओं के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखा रही है।
ढाई महीने से खाली है CGPSC चेयरपर्सन का पद
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि CGPSC जैसी महत्वपूर्ण संस्था से पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं का भविष्य जुड़ा हुआ है, लेकिन यहां लगभग ढाई महीने से चेयरपर्सन का पद खाली है। उन्होंने कहा कि आयोग में नेतृत्व की स्थिति स्पष्ट नहीं होने से नई भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं को लेकर युवाओं में असमंजस और निराशा बढ़ रही है।
दो लाख सरकारी नौकरियों के वादे पर उठाए सवाल
देवेंद्र यादव ने सरकार के दो लाख नौकरियां देने के वादे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने युवाओं को समयबद्ध तरीके से दो लाख नौकरियां देने का भरोसा दिलाया था, लेकिन वर्तमान स्थिति में महत्वपूर्ण भर्ती संस्थान में ही नेतृत्वकर्ता नहीं है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर पिछले वर्षों में CGPSC की ओर से भर्ती परीक्षाओं के नोटिफिकेशन जारी किए जाते रहे हैं, लेकिन इस बार अभी तक नया नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की चिंता बढ़ गई है।
CGPSC और SCS के लंबित इंटरव्यू पर मांगा जवाब
कांग्रेस विधायक ने पूर्व में आयोजित CGPSC परीक्षाओं के लंबित इंटरव्यू को लेकर भी सरकार से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि जिन परीक्षाओं की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और केवल इंटरव्यू बाकी हैं, उन्हें कब पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने SCS परीक्षा के लंबित इंटरव्यू का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि सरकार इन प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने के लिए क्या कदम उठा रही है।
पुलिस भर्ती रद्द होने पर भी जताई नाराजगी
देवेंद्र यादव ने पुलिस विभाग की भर्ती प्रक्रिया रद्द किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भर्ती को बिना कारण बताए निरस्त कर दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि इस भर्ती के लिए मेहनत कर रहे अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर सरकार की क्या योजना है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की भर्ती परीक्षाओं में भी छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। सरकार को लंबित भर्तियों और निरस्त परीक्षाओं पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर भी घेरा
विधायक ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और नकल रोकने के लिए प्रभावी नियम-कानून बनाने की मांग को लेकर हुए युवा आंदोलनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युवाओं ने सड़कों पर उतरकर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और नकल जैसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था बनाने की मांग की थी।
इसके बावजूद सरकार की ओर से इस दिशा में क्या कार्रवाई की जा रही है, यह स्पष्ट नहीं है।
सरकार को दी चेतावनी
देवेंद्र यादव ने वीडियो संदेश के माध्यम से सरकार से अपील करते हुए कहा कि युवाओं ने अपनी जिंदगी के कई साल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगाए हैं। उनके परिवार भी शिक्षा और तैयारी पर अपने संसाधन खर्च करते हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रियाओं में अनिश्चितता और देरी से युवाओं को निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ नहीं किया जा सकता। सरकार को CGPSC में चेयरपर्सन की नियुक्ति, लंबित इंटरव्यू और भर्ती परीक्षाओं को लेकर जल्द स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




