धान खरीदी केंद्र कातरो पहुंचे विधायक ललित चंद्राकर, किसानों के रकबे में सुधार के लिए पोर्टल पर शुरू हुई सुविधा…
किसानों का एक-एक दाना खरीदने प्रतिबद्ध सरकार : ललित चंद्राकर, एग्रीस्टैक पंजीयन के बाद भी पोर्टल में रकबा शून्य दिखने पर समिति में करा सकेंगे संशोधन

दुर्ग। धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और प्रत्येक पात्र किसान अपनी उपज आसानी से बेच सके, इसके लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने सेवा सहकारी समिति कातरो पहुंचकर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने खरीदी केंद्र में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, धान की तौल, बारदाना, भुगतान और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए।

इस दौरान विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। कोई भी पात्र किसान धान खरीदी से वंचित न रहे, यह हमारी पहली प्राथमिकता है।
धान खरीदी पोर्टल में रकबा जोड़ने और संशोधन की सुविधा शुरू
धान खरीदी को लेकर किसानों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की गई है। जिन किसानों ने अपना एग्रीस्टैक (AgriStack) पंजीयन करा लिया है, लेकिन धान खरीदी पोर्टल में उनका रकबा दर्ज नहीं हुआ है या शून्य दिखाई दे रहा है, उनके लिए रकबा जोड़ने और संशोधन का विकल्प सहकारी समिति के मॉड्यूल में उपलब्ध करा दिया गया है।

अब ऐसे किसान अपनी संबंधित सेवा सहकारी समिति में जाकर कंप्यूटर ऑपरेटर से संपर्क कर रकबा जोड़ने अथवा उसमें आवश्यक सुधार का कार्य करा सकते हैं। इससे पात्र किसानों को धान बिक्री के समय होने वाली संभावित परेशानियों से राहत मिलेगी।
किसानों से समय रहते रकबा जांच कराने की अपील
विधायक ललित चंद्राकर ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपनी संबंधित सहकारी समिति में जाकर धान खरीदी पोर्टल में दर्ज रकबे की जांच अवश्य कराएं।
यदि पोर्टल में रकबा दर्ज नहीं है या उसमें कोई त्रुटि दिखाई दे रही है, तो तत्काल संबंधित समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर से संपर्क कर संशोधन करा लें। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इसलिए किसान इस सुविधा का लाभ उठाकर समय पर अपनी प्रक्रिया पूरी करें।
3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मोदी की हर गारंटी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषक उन्नति योजना के तहत 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर अन्नदाताओं को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण और समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है। धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुशासन सरकार का संकल्प है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




