chhattisgarheducationknowledgeliteratureएजुकेशनकैरियरछत्तीसगढ़दुर्गयूटिलिटी न्यूजरिपोर्टविविध विषय

दुर्ग के किसानों को डिजिटल खाद वितरण और आधुनिक खेती की तकनीक का प्रशिक्षण, 5,600 किसानों को मिली जानकारी…

एफएफएस मोबाइल ऐप से टोकन लेकर मिलेगी खाद, जीरो टिलेज तकनीक से घटेगी खेती की लागत; जिले में आयोजित हुए 362 प्रशिक्षण कार्यक्रम

दुर्ग। रबी सीजन 2026-27 में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले में दो महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। एक ओर रासायनिक उर्वरकों के पारदर्शी वितरण के लिए एफएफएस (फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल) मोबाइल ऐप आधारित टोकन प्रणाली लागू की गई है, वहीं दूसरी ओर किसानों को जीरो टिलेज (शून्य जुताई) तकनीक अपनाकर गेहूं, चना और अन्य रबी फसलों की बुवाई करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन दोनों पहलों के माध्यम से किसानों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के साथ खेती की लागत घटाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया जा रहा है।

362 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 5,600 किसानों को मिली जानकारी

रासायनिक उर्वरकों का वितरण पारदर्शी बनाने, कालाबाजारी पर नियंत्रण रखने और किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने के लिए जिले में एफएफएस मोबाइल ऐप आधारित टोकन व्यवस्था लागू की गई है। इसकी प्रक्रिया समझाने के लिए अब तक जिले में 362 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

दुर्ग के किसानों को डिजिटल खाद वितरण और आधुनिक खेती की तकनीक का प्रशिक्षण, 5,600 किसानों को मिली जानकारी...

इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों और ग्राम स्तर पर आयोजित किसान चौपालों के माध्यम से लगभग 5,600 किसानों के साथ सहकारी एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं को भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है।

किसानों को मोबाइल से टोकन बनाने का लाइव प्रशिक्षण

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान किसानों को केवल योजना की जानकारी ही नहीं दी जा रही, बल्कि उन्हें अपने मोबाइल से एफएफएस टोकन जनरेट करने और उसके माध्यम से खाद प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया का लाइव प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

जिला स्तरीय नोडल अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षकों और मैदानी अमले द्वारा किसानों एवं उर्वरक विक्रेताओं को टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत आयोजित ग्राम स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी एफएफएस टोकन प्रणाली की उपयोगिता समझाई जा रही है।

एफएफएस ऐप से ऐसे प्राप्त करें खाद

कृषि विभाग ने किसानों से अपनी फार्मर आईडी और आधार लिंकिंग अपडेट रखने की अपील की है। किसान अपने मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से एफएफएस (फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल) ऐप डाउनलोड कर स्वयं टोकन जनरेट कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी सेवा सहकारी समिति अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से भी टोकन प्राप्त किया जा सकता है।

टोकन या क्यूआर कोड के माध्यम से संबंधित सहकारी समितियों और अधिकृत निजी विक्रेताओं से पीओएस मशीन पर अनुशंसित मात्रा में खाद खरीदने की सुविधा मिलेगी। किसानों को खाद खरीदने के बाद पक्की रसीद अवश्य प्राप्त करने की सलाह दी गई है। इस व्यवस्था से लंबी कतारों और अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलने के साथ पात्र किसानों तक खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

जीरो टिलेज तकनीक से बिना जुताई करें रबी फसलों की बुवाई

खाद वितरण व्यवस्था के साथ कृषि विभाग किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से भी जोड़ रहा है। जिले में गेहूं और चना की बुवाई शुरू हो चुकी है। इस वर्ष खेतों में पर्याप्त नमी संरक्षित होने के कारण किसानों को जीरो टिलेज यानी शून्य जुताई तकनीक अपनाने की सलाह दी जा रही है।

दुर्ग के किसानों को डिजिटल खाद वितरण और आधुनिक खेती की तकनीक का प्रशिक्षण, 5,600 किसानों को मिली जानकारी...

इस तकनीक में धान की कटाई के बाद बिना पारंपरिक जुताई किए सीधे खेतों में गेहूं, चना, मसूर सहित अन्य रबी फसलों की बुवाई की जा सकती है। इसके लिए विशेष जीरो टिलेज सीड ड्रिल मशीन का उपयोग किया जाता है।

डीजल और जुताई का खर्च होगा कम

जीरो टिलेज तकनीक अपनाने से खेत की बार-बार जुताई करने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे ट्रैक्टर और डीजल पर होने वाला खर्च कम होता है तथा खेत तैयार करने में लगने वाला समय भी बचता है। समय पर बुवाई होने से फसलों को अनुकूल परिस्थितियां मिलती हैं और बेहतर उत्पादन की संभावना बढ़ती है।

शून्य जुताई से मिट्टी में उपलब्ध नमी सुरक्षित रहती है। इसके साथ ही मिट्टी की संरचना और जैविक गतिविधियां बनाए रखने, मिट्टी के कटाव को कम करने तथा फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन में भी मदद मिलती है। नमी संरक्षण के कारण सिंचाई की आवश्यकता कम हो सकती है और डीजल की खपत घटने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।

कृषि विज्ञान केंद्र पाहंदा दे रहा तकनीकी प्रशिक्षण

कृषि विज्ञान केंद्र पाहंदा दुर्ग द्वारा किसानों को जीरो टिलेज तकनीक के महत्व और उपयोग की जानकारी प्रायोगिक प्रदर्शन के माध्यम से दी जा रही है। किसानों को सलाह दी गई है कि खेतों में संरक्षित नमी का अधिकतम लाभ लेने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर अथवा अन्य किसानों के पास उपलब्ध जीरो टिलेज सीड ड्रिल मशीन का उपयोग करें।

कृषि विभाग ने किसानों से डिजिटल टोकन प्रणाली अपनाने और आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ लेने की अपील की है। इन पहलों से खेती की लागत कम करने, उर्वरक वितरण में पारदर्शिता लाने और कृषि संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में सहायता मिलेगी।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे  :   https://jantakikalam.com/

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।

खबरों और विज्ञापन के लिये सम्पर्क करे
[email protected]
मो. – 9827156570

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button