भिलाई इस्पात संयंत्र ने फिर लहराया परचम, सेल की चेयरमैन ट्रॉफी पर जमाया कब्जा…
CTYM 2025-26 में बीएसपी की टीम बनी विजेता, 10वीं बार हासिल की प्रतिष्ठित ट्रॉफी; प्रत्येक विजेता को 30 हजार रुपये और विदेशी इस्पात संयंत्र भ्रमण का अवसर

भिलाई। सेल की प्रतिष्ठित चेयरमैन ट्रॉफी फॉर यंग मैनेजर्स (CTYM) 2025-26 प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया है। 25 नवंबर 2026 को प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान, रांची में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम चरण में बीएसपी की टीम ने अपनी प्रबंधकीय क्षमता, तकनीकी ज्ञान और सामूहिक कार्यकुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की।
अरिंदम कर, अनूप कुमार सिंह और के. पवन कुमार की टीम ने दिलाई जीत
बीएसपी की विजेता टीम में सहायक महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) अरिंदम कर, वरिष्ठ प्रबंधक (एसएमएस-2) अनूप कुमार सिंह और वरिष्ठ प्रबंधक (एसएमएस-2) के. पवन कुमार शामिल रहे। तीनों अधिकारियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से संयंत्र को गौरवान्वित किया।

प्रतियोगिता में सेल की विभिन्न इकाइयों एवं एकीकृत इस्पात संयंत्रों की चयनित टीमों ने अपने तकनीकी शोध पत्र प्रस्तुत किए। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘वर्किंग टुगेदर एज वन सेल : कोलैबोरेट, परफॉर्म एंड एक्सेल’ रखी गई थी।
विजेताओं को 30 हजार रुपये और विदेश भ्रमण का अवसर
चेयरमैन ट्रॉफी फॉर यंग मैनेजर्स का उद्देश्य युवा अधिकारियों में प्रबंधकीय क्षमता, आत्मविश्वास, अध्ययनशीलता और सामूहिक कार्यकुशलता को बढ़ावा देना है। सेल में 45 वर्ष तक की आयु के अधिकारी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र हैं।
विजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को 30,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही उन्हें विदेशी इस्पात संयंत्र के तीन दिवसीय भ्रमण का अवसर भी मिलेगा। प्रतियोगिता में बोकारो इस्पात संयंत्र की टीम प्रथम उपविजेता और इस्को इस्पात संयंत्र की टीम द्वितीय उपविजेता रही।
22 प्रतियोगिताओं में 17 बार शीर्ष दो स्थानों पर रहा बीएसपी
भिलाई इस्पात संयंत्र के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि बीएसपी की टीमें अब तक 10 बार इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को जीत चुकी हैं और 7 बार उपविजेता रही हैं। इस तरह आयोजित 22 प्रतियोगिताओं में से 17 बार बीएसपी की टीमों ने शीर्ष दो स्थानों पर जगह बनाई है।
यह उपलब्धि संयंत्र में अध्ययन, निरंतर सीखने और नवाचार की संस्कृति को दर्शाती है। साथ ही शीर्ष प्रबंधन के प्रोत्साहन तथा मानव संसाधन-विकास एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा युवा प्रबंधकों को दिए जा रहे मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की प्रभावशीलता को भी रेखांकित करती है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




