chhattisgarhelectionकैरियरछत्तीसगढ़दुर्गभिलाई

दुर्ग में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां तेज, बनाए जाएंगे 744 मतदान केंद्र…

30 नवंबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, राज्य निर्वाचन आयुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की तैयारियों की समीक्षा

दुर्ग। जिले में आगामी नगरीय निकाय आम एवं उप निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। चुनाव के सुचारू और व्यवस्थित संचालन के लिए जिले के तीन नगर निगम और एक नगर पालिका में कुल 744 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। वहीं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर को किया जाएगा। निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली।

चार नगरीय निकायों में होंगे आम चुनाव

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने जिले में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों की जानकारी दी। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि जिले के तीन नगर निगम और एक नगर पालिका में आम चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची तैयार करने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। दावा-आपत्तियों और अपीलों के निराकरण की समय-सीमा समाप्त हो गई है। प्राप्त सभी छह अपीलीय प्रकरणों का निराकरण अपीलीय अधिकारी द्वारा कर दिया गया है।

वर्तमान में मतदाता सूची की पीडीएफ डाउनलोड कर उसकी जांच की जा रही है। जिन मतदाताओं के फोटो स्पष्ट नहीं थे, उनके फोटो दोबारा अपलोड किए जा रहे हैं। प्रिंटिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

744 मतदान केंद्रों पर होगी मतदान की व्यवस्था

कलेक्टर ने बताया कि जिले में चुनाव संचालन के लिए कुल 744 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। सभी नगरीय निकायों में नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। इन अधिकारियों का प्रशिक्षण आगामी दो से तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।

सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां बिजली, पानी, पहुंच मार्ग सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मतदान सामग्री केंद्र और स्ट्रांग रूम निर्धारित

चारों नगरीय निकायों के लिए मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी केंद्रों के साथ स्ट्रांग रूम के कक्षों का भी निर्धारण कर लिया गया है। इन स्थानों पर आवश्यक सिविल कार्य आगामी तीन से चार दिनों में पूरा करने की तैयारी है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

संवेदनशील मतदान केंद्रों पर रहेगी विशेष सुरक्षा

आईजी अभिषेक शांडिल्य ने बैठक में बताया कि नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था संबंधी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिले के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर ली गई है। इन केंद्रों पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की मांग भी की गई है, ताकि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराया जा सके।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

एनआईसी कक्ष में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, नगर निगम दुर्ग आयुक्त लीना कोसम, नगर निगम रिसाली आयुक्त मोनिका वर्मा, अपर कलेक्टर सिल्ली थॉमस, खेमराज वर्मा एवं संयुक्त कलेक्टर राहुल कुमार रजक सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे  :   https://jantakikalam.com/

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।

खबरों और विज्ञापन के लिये सम्पर्क करे
[email protected]
मो. – 9827156570

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button