छत पर सोलर पैनल लगवाते ही शून्य हुआ बिजली बिल, मनीषा ठाकुर को मिली ₹1.08 लाख की सब्सिडी…
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बदली जिंदगी, हर महीने 3 से 4 हजार रुपये की बचत; अब तक 3800 यूनिट बिजली का उत्पादन

दुर्ग। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम उपभोक्ताओं के लिए आर्थिक राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रही है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण दुर्ग जिले के सरोजनी नगर (धनोरा) निवासी मनीषा ठाकुर हैं, जिनके घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद बिजली बिल शून्य हो गया है। कभी हर महीने 3 से 4 हजार रुपये तक बिजली बिल चुकाने वाली मनीषा अब सौर ऊर्जा से अपनी घरेलू बिजली जरूरतें पूरी कर रही हैं।
हर महीने 3 से 4 हजार रुपये के बिजली बिल से मिली राहत
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड, दुर्ग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मनीषा ठाकुर के घर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगाया गया है। इसके बाद उनके बिजली खर्च में बड़ी कमी आई है। पहले जहां उन्हें प्रतिमाह 3,000 से 4,000 रुपये तक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था, वहीं अब उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है।
अब तक 3800 यूनिट बिजली का उत्पादन
मनीषा ठाकुर के सोलर प्लांट से नवंबर 2025 से अब तक लगभग 3800 यूनिट बिजली का उत्पादन हो चुका है। इस बिजली से उनके घर की जरूरतें पूरी हो रही हैं। इतना ही नहीं, जरूरत से अधिक उत्पादित बिजली को उन्होंने बिजली विभाग को बेचकर अतिरिक्त लाभ भी प्राप्त किया है।
एक महीने में खाते में पहुंची 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी
योजना का एक और बड़ा लाभ मनीषा ठाकुर को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के रूप में मिला। उनके अनुसार सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद मात्र एक महीने के भीतर 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में जमा हो गई। इससे सोलर प्लांट लगाने के आर्थिक बोझ में भी बड़ी राहत मिली।
दूसरे उपभोक्ताओं के लिए बनीं प्रेरणा
मनीषा ठाकुर का अनुभव बताता है कि रूफटॉप सोलर पैनल अपनाकर उपभोक्ता न केवल अपने बिजली खर्च को कम कर सकते हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन से भी लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। दुर्ग जिले में मनीषा ठाकुर का यह उदाहरण अन्य उपभोक्ताओं को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।




