फील परमार्थ फाउंडेशन में बेसहारा बुजुर्गों और दिव्यांगों के बीच सांसद विजय बघेल ने मनाई दीपावली, 101 लोगों के साथ बांटी खुशियां…
सेवा और संवेदना का अनूठा उत्सव, 62 बिछड़े लोगों को उनके परिवारों से मिला चुकी है संस्था

भिलाई। दीपावली का पर्व उस समय और भी खास हो गया, जब दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने सेक्टर-3 स्थित फील परमार्थ फाउंडेशन में आश्रय प्राप्त बेसहारा बुजुर्गों और मानसिक रूप से दिव्यांग लोगों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। आत्मीयता, सेवा और मानवता के भाव से भरे इस दीपावली मिलन समारोह में सांसद ने आश्रितों के साथ समय बिताया, मिठाइयां खिलाईं और उनके जीवन में खुशियों के रंग भरने का प्रयास किया।
भगवान श्रीराम की झांकी और जसगीतों ने बांधा समां
समारोह में संस्था के सदस्यों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की आकर्षक वेशभूषा धारण कर पूजा-अर्चना की। गोंडा बग्गी में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे सभी लोगों ने उत्सव का आनंद लिया।

छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध जसगीत सम्राट दिलीप षडंगी के सुमधुर जसगीतों और संगीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनके गीतों पर सांसद विजय बघेल भी झूम उठे। फूलों की वर्षा, हाथों में फूलझड़ियां और अनार जलाकर तथा एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर दीपावली मनाई गई। इस दौरान सांसद ने ‘सुख के सब साथी, दुख में न कोई’ गीत गाकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा : विजय बघेल
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि दीपावली का पावन अवसर खुशियां बांटने और मानवता की सेवा का संदेश देता है। वे हर वर्ष की तरह इस बार भी फील परमार्थ फाउंडेशन में अपने परिवारजनों के साथ दीपावली मनाकर स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने संस्था के संचालक अमित राज और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि मानवता और इंसानियत के प्रति उनका प्रेम एवं समर्पण प्रेरणादायक है। मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। समाज में ऐसे अनेक लोग हैं, जो अपने परिवार से बिछड़ गए हैं अथवा बीमारी और विपरीत परिस्थितियों के कारण अपनी देखभाल करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे लोगों को सहारे और सम्मान की आवश्यकता है।
सांसद ने कहा कि फील परमार्थ फाउंडेशन ने इन लोगों को केवल आश्रय ही नहीं दिया, बल्कि परिवार का सदस्य बनाकर उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया है।
संस्था में 101 लोगों को मिला आश्रय, 62 को परिवार से मिलाया
फाउंडेशन में वर्तमान में कुल 101 लोग रह रहे हैं, जिनमें 49 महिलाएं और 52 पुरुष शामिल हैं। सांसद ने संस्था की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि अमित राज ने छोटे स्तर से इस पुनीत कार्य की शुरुआत की थी। आज अनेक सहयोगियों और समाजसेवियों के सहयोग से संस्था लगातार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि संस्था ऐसे लोगों को उचित देखभाल, उपचार और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है, जिन्हें बीमारी और विपरीत परिस्थितियों के कारण समाज में उपेक्षा का सामना करना पड़ता है।
संस्था की सबसे बड़ी उपलब्धियों में अब तक 62 लोगों को उनके बिछड़े हुए परिवारों से सकुशल मिलाना शामिल है। यह कार्य संस्था के सेवा भाव, समर्पण और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं लोग
सांसद विजय बघेल ने कहा कि हमें ऐसे सेवाभावी लोगों से प्रेरणा लेकर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब समाज का कोई भी व्यक्ति खुद को अकेला या बेसहारा महसूस न करे और हर व्यक्ति के जीवन में खुशियां आएं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध जसगीत सम्राट दिलीप षडंगी का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति ने समारोह के वातावरण को और अधिक आनंदमय बना दिया। अंत में सांसद ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मां लक्ष्मी, प्रभु श्रीराम एवं हनुमान जी से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और सद्बुद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अमित राज, आकाश ठाकुर, अनिल सिंह, जगदीश करमाकर, डॉ. शर्मा, संदीप गुप्ता, लक्ष्मी, कृष्ण, अजय मंडल, अजय चौधरी, मयंक सिंधे, लक्की, पारुल, संध्या जैन, गणेश सिंह, राकेश, अमन नायर, राधे, प्रवीण, सुशील सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




