विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम द्वारा नांदघाट में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान पर जोर, दी अधिकारों की जानकारी…
बिलिंग, नए कनेक्शन और कृषि पंपों से जुड़ी समस्याओं पर हुई चर्चा, शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश

दुर्ग/नांदघाट । छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम (ईसीजीआरएफ), दुर्ग द्वारा नांदघाट में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस बैठक में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और समस्याओं के निराकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बैठक में घरेलू, कृषि पंप, व्यावसायिक एवं औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ताओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
फोरम की कार्यप्रणाली और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई
विद्युत संभाग बेमेतरा के नांदघाट क्षेत्र में आयोजित बैठक में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, दुर्ग के अध्यक्ष पी.व्ही. सजीव तथा ईसीजीआरएफ, बीएसपी क्षेत्र के अध्यक्ष अनिल कुमार चौहान ने उपभोक्ताओं और विभागीय अधिकारियों को फोरम की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि बिजली से संबंधित विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को फोरम के समक्ष किस प्रकार प्रस्तुत किया जा सकता है। साथ ही शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया, उपभोक्ताओं के अधिकारों और पारदर्शी शिकायत निवारण व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण जरूरी
बैठक में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के विभिन्न मापदंडों और शिकायतों के निराकरण के लिए निर्धारित समय-सीमा की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा विद्युत प्रदाय संहिता से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों पर चर्चा की गई, ताकि उपभोक्ता बिजली सेवाओं से संबंधित नियमों और अपने अधिकारों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
फोरम के अध्यक्षों ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपभोक्ता सेवा को बेहतर बनाने और शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
बिजली बिल, नए कनेक्शन और कृषि पंपों की समस्याओं पर चर्चा
बैठक के अंतिम चरण में उपभोक्ताओं के साथ खुली चर्चा की गई। इस दौरान विद्युत आपूर्ति, बिजली बिलिंग, नए विद्युत कनेक्शन और कृषि पंपों से संबंधित स्थानीय समस्याओं पर विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान करते हुए उनकी समस्याओं को सुना।
विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
अधिकारियों और उपभोक्ताओं की रही सहभागिता
बैठक में कार्यपालन यंत्री, बेमेतरा, सहायक यंत्री, नवागढ़ तथा कनिष्ठ यंत्री, नांदघाट सहित विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। स्थानीय उपभोक्ताओं की सहभागिता से आयोजित इस बैठक का उद्देश्य बिजली सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उपभोक्ताओं तथा विभाग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना रहा।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




