दुर्ग के डिवाइडरों से हटेंगे अवैध कटआउट, निगम ने तय किया ₹5 हजार जुर्माना और FIR का प्रावधान…
शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को लेकर महापौर अलका बाघमार सख्त, शासकीय दीवारों पर विज्ञापन लिखने वालों पर भी होगी कार्रवाई

दुर्ग । नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति लगाए जा रहे विज्ञापन कटआउट और प्रचार सामग्री के खिलाफ निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
महापौर अलका बाघमार ने निगम के बाजार विभाग और अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करने तथा डिवाइडरों पर लगे अनधिकृत कटआउट की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।
कटआउट हटाकर किए जाएंगे जब्त
महापौर ने अधिकारियों से शहर के डिवाइडरों पर लगाए गए सभी कटआउट की रिपोर्ट भी मांगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम की अनुमति के बिना डिवाइडर, सार्वजनिक स्थल और प्रमुख मार्गों पर किसी भी तरह की विज्ञापन या प्रचार सामग्री लगाने की अनुमति नहीं होगी।
बिना अनुमति लगाए गए कटआउट को तत्काल हटाकर जब्त किया जाएगा। साथ ही संबंधित व्यक्ति या संस्था की जानकारी भी जुटाई जाएगी।
₹5 हजार जुर्माना, जरूरत पड़ने पर FIR
निगम प्रशासन के अनुसार अनधिकृत रूप से डिवाइडरों पर विज्ञापन सामग्री या कटआउट लगाने वालों से 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
मामले की प्रकृति और आवश्यकता के अनुसार संबंधित व्यक्ति, संस्था या विज्ञापन सामग्री लगाने वाले के विरुद्ध FIR दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
निगम द्वारा कटआउट पर दर्ज विज्ञापन, संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था और उसे लगाने वाले की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शासकीय दीवारों पर विज्ञापन लिखना भी पड़ेगा भारी
निगम सीमा क्षेत्र में शासकीय दीवारों पर बिना अनुमति विज्ञापन या प्रचार सामग्री लिखने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने अधिकारियों को सार्वजनिक संपत्तियों और शासकीय दीवारों को अनधिकृत प्रचार से मुक्त रखने के निर्देश दिए हैं। निगम का कहना है कि शहर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।
प्रमुख मार्गों पर होगी निगरानी
निगम की टीम शहर के प्रमुख मार्गों और डिवाइडरों का निरीक्षण करेगी। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत पुलगांव से पटेल चौक, पटेल चौक से मालवीय चौक, रायपुर नाका, उतई टेम्पो चौक से जेल चौक, चार्ज रोड, धमधा रोड तथा पटेल चौक से ग्रीन चौक सहित विभिन्न मार्गों पर लगे अनधिकृत कटआउट हटाए जाएंगे।
हटाए गए कटआउट को जब्त करने के साथ संबंधित लोगों और संस्थाओं की जानकारी भी जुटाई जाएगी।
शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था प्राथमिकता
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों और डिवाइडरों का उपयोग किसी व्यक्ति या संस्था के निजी प्रचार-प्रसार के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर की सुंदरता, यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है।
बाजार और अतिक्रमण विभाग की टीम करेगी कार्रवाई
बाजार प्रभारी शेखर चन्द्राकर ने बताया कि महापौर के निर्देश के बाद बाजार विभाग और अतिक्रमण विभाग की टीम द्वारा प्रमुख मार्गों का निरीक्षण शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिना अनुमति लगाए गए कटआउट हटाकर जब्त किए जाएंगे। संबंधित व्यक्ति या संस्था की जानकारी जुटाने के बाद नियमानुसार जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जाएगी।
निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को अनधिकृत विज्ञापन सामग्री से मुक्त रखना और शहर को अधिक व्यवस्थित एवं सुंदर बनाए रखना है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




