सीएसपीडीसीएल दुर्ग में जला ‘आशीर्वाद का दीया’, स्वच्छ ऊर्जा और बिजली राहत योजनाओं का संदेश…
सेवा सेतु शिविरों के जरिए उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर से लेकर बिल समाधान तक योजनाओं की मिलेगी जानकारी

दुर्ग । स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बिजली उपभोक्ताओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सीएसपीडीसीएल दुर्ग के क्षेत्रीय मुख्यालय परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्वलित कर जनभागीदारी और उपभोक्ता जागरूकता का संदेश दिया।

सोलर योजना के प्रति उपभोक्ताओं को किया जाएगा जागरूक
दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को प्रमुखता से उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को घर की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान और मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी भी अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
‘आशीर्वाद का दीया’ बना जागरूकता और जनभागीदारी का प्रतीक
शिरीष सेलट ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि ऊर्जा के बेहतर उपयोग, स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं को उनके लिए संचालित योजनाओं से जोड़ने का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के जरिए पात्र उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल के समाधान के लिए राहत एवं सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य है।
मैदानी अमले को सरल भाषा में जानकारी देने के निर्देश
कार्यपालक निदेशक ने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं की जानकारी उपभोक्ताओं तक सरल भाषा में पहुंचाई जाए। इसका उद्देश्य यह है कि पात्र उपभोक्ता समय पर पंजीयन कराकर संबंधित योजनाओं का लाभ उठा सकें।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक लगेंगे ‘सेवा सेतु शिविर’
सीएसपीडीसीएल के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में घरेलू उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान और मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना सहित उपभोक्ता हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
शिविरों में उपभोक्ताओं को उनकी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक मार्गदर्शन और संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल के जरिए योजनाओं की जानकारी को मैदानी स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने पर जोर रहेगा।
अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया जागरूकता बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एस. मनोज, अधीक्षण अभियंता आर.के. श्रीवास्तव, तरुण ठाकुर सहित दुर्ग क्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण और उपभोक्ता जागरूकता को बढ़ावा देने के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




