हिंदी के रंग में रंगेगा भिलाई स्टील प्लांट, 18 सितंबर से राजभाषा पखवाड़े की शुरुआत…
4 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन, ऑनलाइन क्विज से लेकर कविता, निबंध, भाषण और कहानी लेखन में दिखेगा कार्मिकों का हुनर

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र में हिंदी के प्रति जागरूकता और कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। भिलाई इस्पात संयंत्र के राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित इस पखवाड़े में कार्मिकों के लिए विभिन्न रोचक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
पखवाड़े के समापन अवसर पर संयंत्र स्तरीय वार्षिक हिंदी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही आयोजन के दौरान होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
हिंदी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की पहल
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक वर्ष सितंबर माह को राजभाषा हिंदी के प्रति समर्पित किया जाता है। इसी क्रम में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, केंद्र सरकार के प्रतिष्ठानों, विभागों, बैंकों और बीमा कंपनियों सहित विभिन्न संस्थानों में हिंदी माह, पखवाड़ा अथवा सप्ताह के माध्यम से अनेक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
इन आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य कार्मिकों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करना और राजभाषा हिंदी के प्रति अनुराग एवं सकारात्मक भावना विकसित करना है।
14-15 सितंबर को मुंबई में राजभाषा सम्मेलन
वर्ष 2021 से भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से प्रतिवर्ष अखिल भारतीय हिंदी दिवस एवं राजभाषा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करते हैं।
इस वर्ष यह आयोजन 14 और 15 सितंबर को सिडको प्रदर्शनी केंद्र, नवी मुंबई, महाराष्ट्र में आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद देशभर में केंद्र सरकार के कार्यालयों में राजभाषा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की शुरुआत की जाएगी।
इसी क्रम में भिलाई इस्पात संयंत्र में 18 सितंबर को राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ होगा और 4 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
ऑनलाइन क्विज से भाषण तक, कार्मिक दिखाएंगे प्रतिभा
राजभाषा पखवाड़े के दौरान कार्मिकों के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें—
- ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता
- तात्कालिक काव्य लेखन प्रतियोगिता
- तात्कालिक ‘चित्र देखें-कहानी लिखें’ प्रतियोगिता
- तात्कालिक निबंध प्रतियोगिता
- तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता
शामिल हैं।
राजभाषा विभाग ने संयंत्र के कार्मिकों से इन प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। पखवाड़े के समापन के बाद प्रतियोगिताओं के विजेताओं के साथ-साथ संयंत्र स्तरीय वार्षिक हिंदी पुरस्कारों के चयनित प्राप्तकर्ताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यालयीन हिंदी को मिलेगा प्रोत्साहन
राजभाषा पखवाड़े के माध्यम से भिलाई इस्पात संयंत्र में हिंदी के रचनात्मक उपयोग के साथ-साथ कार्मिकों को दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के जरिए कर्मचारियों को अपनी भाषाई, रचनात्मक और अभिव्यक्ति क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/




