नागरिक सुविधाओं पर आयुक्त सख्त, 30 सितंबर तक पूरे होंगे प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण…
भिलाई निगम की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों को रफ्तार देने के निर्देश, शिकायतों के त्वरित निराकरण से लेकर डॉग हाउस और हाइजेनिक फूड जोन पर हुई चर्चा

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने शहर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, ऑनलाइन शिकायतों, दुकानों एवं भवनों के किराया निर्धारण, डॉग हाउस, निर्माण कार्य, लेफ्ट फ्री, हाइजेनिक फूड जोन, मतदान केंद्र, गौशाला, ईंधन खपत, पंप एवं पाइपलाइन, सिविल कार्य, वाहन और उद्यानों के संधारण सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
आवास निर्माण को 30 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश
आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को 30 सितंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए उपलब्ध निधि का उपयोग उनकी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाए। विकास शुल्क से होने वाले निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
ऑनलाइन शिकायतों का समयबद्ध निराकरण जरूरी
निगम के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नागरिक शिकायतों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। संबंधित अधिकारी जरूरत के अनुसार मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
राजस्व बढ़ाने पर भी फोकस
बैठक में निगम क्षेत्र की दुकानों और भवनों के किराया निर्धारण की समीक्षा की गई। आयुक्त ने नियमानुसार किराया तय करने तथा निगम की आय बढ़ाने के लिए राजस्व से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कुरूद स्थित डॉग हाउस की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने आवश्यक सुविधाएं बेहतर करने तथा एक सप्ताह के भीतर डॉग हाउस शुरू करने के निर्देश दिए। वहां संसाधन, साफ-सफाई और संचालन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्कूलों और प्रमुख चौराहों की व्यवस्थाओं पर जोर
नगरोत्थान योजना के तहत समग्र शिक्षा और स्वामी आत्मानंद स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि स्कूलों में मूलभूत व्यवस्थाएं ऐसी हों, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
प्रमुख चौराहों पर यातायात को सुगम बनाने के लिए किए जा रहे लेफ्ट फ्री कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इससे वाहन चालकों को सुगम आवागमन और प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
हाइजेनिक फूड जोन की तैयारी तेज करने के निर्देश
चंद्रा-मौर्या के सामने प्रस्तावित हाइजेनिक फूड जोन के निर्माण और आबंटन को लेकर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि इसे व्यवस्थित रूप से विकसित कर नागरिकों को सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अलावा पंप, पाइपलाइन, सिविल कार्य, वाहनों और उद्यानों के संधारण सहित अन्य मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने कहा गया। मतदान केंद्रों में जरूरी संधारण कार्य कराने और नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
गौशाला और वाहनों के रखरखाव पर निगरानी
गौशाला के संचालन और रखरखाव की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौशाला की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
निगम के वाहनों की ईंधन खपत की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने वाहनों के उपयोग और संचालन की नियमित निगरानी करते हुए ईंधन की खपत कम करने तथा समय पर वाहन संधारण कराने के निर्देश दिए, ताकि अनावश्यक खर्च को नियंत्रित किया जा सके।
समय-सीमा में काम पूरा करने पर जोर
बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, उपायुक्त नरेंद्र बंजारे, डी.के. कोसरिया, अधीक्षण अभियंता वेशराम सिन्हा, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता, लेखाधिकारी, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, स्वास्थ्य अधिकारी, राजस्व अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com






