सहारे से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े 8 कदम, दिव्यांगजनों को मिली नई सुविधा

दुर्ग ग्रामीण। समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण तथा अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर के निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के 8 पात्र दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राइसिकल, सामान्य ट्राइसिकल एवं श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने लाभार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसी संवेदनशील और विकसित समाज की पहचान इस बात से होती है कि प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने का अधिकार मिले। दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी प्रतिभा एवं क्षमता को सही अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
उपकरण नहीं, आत्मनिर्भर जीवन की नई राह
ललित चंद्राकर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी दिव्यांगजन परिस्थितियों के कारण अपने सपनों से पीछे न रहे। उन्होंने कहा कि ट्राइसिकल और श्रवण यंत्र केवल सहायक साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम हैं। इनकी सहायता से लाभार्थियों को शिक्षा, रोजगार, आवागमन और दैनिक जीवन के कार्यों में अधिक सुविधा मिलेगी तथा वे समाज की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य की विष्णुदेव साय सरकार और केंद्र सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन के लिए आवश्यक अवसर एवं संसाधन उपलब्ध कराना है।

इन 8 लाभार्थियों को मिला लाभ
कार्यक्रम में गोकुल कोसरे (ग्राम डुडेरा), राजूलाल देशमुख (ग्राम जंजगिरी), हरिश कुमार साहू (ग्राम खम्हरिया), पंकज कुमार कोसरे (ग्राम खोपली), रामस्वरूप देशमुख (ग्राम विनायकपुर), लुमेश कुमार साहू (ग्राम करगाडीह), सैमुएल छुरा (रुआबांधा रिसाली, गांधी चौक) और रोहित निषाद (ग्राम झोला) को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील
विधायक ने बताया कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सर्वांगीण कल्याण के लिए सहायक उपकरण वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा एवं रोजगार में आरक्षण, कौशल विकास, पुनर्वास सहित विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लाभार्थियों से शासन की सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में जिला मंत्री नवीन पवार, उतई मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर, रिसाली मंडल अध्यक्ष एकनाथ अनुपम साहू, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू राकेश जंघेल, अंडा-निकुम मंडल अध्यक्ष लिकेश्वर देशमुख, महामंत्री चंदू देवांगन, प्रवीण यदु, गुड्डू झा, पुनाराम कलिहारी, योगेश कुमार सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
लाभार्थियों एवं उनके परिजनों ने सहायक उपकरण मिलने पर विधायक ललित चंद्राकर और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सही संसाधन और अवसर मिलने पर दिव्यांगजन भी आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन की दिशा स्वयं तय कर सकते हैं।




