ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–2026’ के तहत बीएसपी विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा निर्मित 2500 राखियाँ सैनिकों के लिए संग्रहण समूह को ससम्मान समर्पित

दुर्ग – देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पूर्व सैनिक महासभा एवं सिपाही संगठन द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 0.4, 2026’ के अंतर्गत भिलाई इस्पात संयंत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने लगभग 2500 रक्षा सूत्र (राखियाँ) तैयार कर देश के वीर जवानों को समर्पित किए।
विद्यार्थियों द्वारा अत्यंत श्रद्धा एवं स्नेह से निर्मित इन रक्षा सूत्रों के साथ तिलक हेतु चुटकी भर पवित्र मिट्टी तथा सैनिकों के नाम सम्मान एवं शुभकामनाओं से परिपूर्ण संदेश-पत्र भी तैयार किए गए। इन सभी सामग्रियों को देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से 05 अगस्त 2026 को अपराह्न 3:00 बजे स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ, भिलाई के तत्वावधान में घड़ी चौक, सुपेला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संग्रहण समूह को ससम्मान सौंपा गया।
उल्लेखनीय है कि स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ, भिलाई विगत चार वर्षों से निरंतर इस अभियान के माध्यम से रक्षा सूत्र देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक प्रेषित कर रहा है। यह पहल विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास है।
कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्य आयुक्त, स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ, भिलाई एवं महाप्रबंधक (शिक्षा-टीएसडी) श्रीमती शिखा दुबे के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में स्काउट्स, गाइड्स एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।




