कला मंदिर, गंजपारा में गणपति बप्पा की भव्य स्थापना, भारत माता और वीर जवानों की झांकी ने खींचा सबका ध्यान…
सांसद विजय बघेल ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन, 28 साल से जारी उत्सव में दिखी देशभक्ति और सेवा की झलक

दुर्ग। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर गंजपारा स्थित कला मंदिर परिवार परिसर में भक्तिमय माहौल के बीच भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर स्थापना की गई। इस दौरान आयोजित विशेष झांकी प्रदर्शनी श्रद्धालुओं और शहरवासियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी। ‘मां तुझे प्रणाम, सेवा से समर्पण 25 वर्ष’ अभियान के तहत तैयार की गई झांकी में भारत माता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश की रक्षा में तैनात वीर सैनिकों को समर्पित विषयों को प्रदर्शित किया गया। 
दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने फीता काटकर झांकी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान 24 घंटे प्रज्वलित रहने वाली कैंडल भी जलाई गई, जिससे परिसर में विशेष आकर्षण देखने को मिला। कला मंदिर परिवार की ओर से सांसद विजय बघेल का शाल-श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

28 वर्षों से लगातार मनाया जा रहा गणेश उत्सव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि कला मंदिर परिवार पिछले 28 वर्षों से लगातार गणेश उत्सव का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष की झांकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित है, जिसमें देश के वीर सैनिकों, किसानों और भारत माता के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना को दर्शाया गया है।

उन्होंने कहा कि भगवान गणेश का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों और देश के किसानों के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति, सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम में कला मंदिर परिवार के विजय जैन, रितेश अग्रवाल, राजेश सोमानी, दिनेश सोमानी, प्रहलाद रोगंटा सहित परिवार के अन्य सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। गणेश उत्सव के दौरान झांकी देखने के लिए नागरिकों की भीड़ जुटी और पूरे परिसर में धार्मिक आस्था के साथ देशभक्ति का माहौल नजर आया।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




