chhattisgarheducationknowledgeछत्तीसगढ़रायपुर

सेवा संकल्प अभियान : प्रदेशभर में जनसेवा की 25 गतिविधियों से जुड़ेगा छत्तीसगढ़…

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, रक्तदान से लेकर स्वच्छता, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य जांच तक होंगे आयोजन

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में भी जनसेवा, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाना है।

यह राष्ट्रव्यापी अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण, जल संरक्षण और डिजिटल साक्षरता सहित 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील भी की गई है। श्रमदान की फोटो या वीडियो माई भारत पोर्टल पर अपलोड करने पर डिजिटल प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जा सकेगा।

पांच संभागीय मुख्यालयों में ‘नमो सेवा गाथा’

अभियान के विशेष कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दीया’ और ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर (सरगुजा) और जगदलपुर (बस्तर) के ऑडिटोरियम में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। संस्कृति विभाग जिला प्रशासन के समन्वय से इनका आयोजन करेगा।

‘नमो सेवा गाथा’ में स्थानीय कलाकारों के माध्यम से नुक्कड़ नाटक, नृत्य-नाटिका और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए बदलावों को सरल एवं प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

स्कूल-कॉलेजों में होंगी चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं

17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी स्कूलों एवं कॉलेजों में विकसित भारत 2047 तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों पर आधारित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, प्रदर्शनियां, सेमिनार और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।

ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ के तहत बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके सम्मान के कार्यक्रम भी होंगे। इसके जरिए महिलाओं, बच्चों और परिवारों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता से जोड़ने पर जोर रहेगा।

‘कहानी बदलाव की’ से सामने आएंगी सफलता की कहानियां

अभियान में ‘कहानी बदलाव की’ पहल के जरिए शासकीय योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। इन कहानियों के माध्यम से बताया जाएगा कि सरकारी योजनाओं ने किस तरह आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

ऐसी प्रेरक कहानियों को सामने लाकर पात्र लोगों को भी योजनाओं का लाभ लेने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ से मिलेगा नवाचार को बढ़ावा

अभियान के दौरान ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ जैसी अभिनव गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। वहीं विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविरों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों के करीब पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इन कार्यक्रमों में शासकीय विभागों के साथ सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

50 बदलाव वाले स्थानों का होगा दौरा

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत करीब 50 ऐसे स्थानों का चयन किए जाने की योजना है, जिन्हें मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए बदलावों के उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत किया जाएगा। इनमें गुजरात के कुछ प्रमुख स्थानों के साथ बस्तर को भी शामिल किए जाने की बात कही गई है। सोशल मीडिया क्रिएटर्स को इन स्थानों का दौरा कराने की भी योजना है, ताकि वहां हुए बदलावों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सके।

17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ से समापन

एक महीने चलने वाले अभियान का समापन 17 अक्टूबर 2026 को बड़े कार्यक्रम के साथ होगा। अंतिम दिन प्रस्तावित ‘जनसेवक महाकुंभ’ में पंचायत से संसद तक करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। इस अवसर पर सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की सभी छह कड़ियां गाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

अभियान का उद्देश्य

  • जनसेवा के प्रति आभार और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना।
  • विकसित भारत 2047 के संकल्प से नागरिकों को जोड़ना।
  • केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना।
  • रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य जैसे सेवा कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाना।
  • युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों को सेवा गतिविधियों से जोड़ना।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com/
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।

सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/jkk07?mibextid=ZbWKwL

https://twitter.com/jantakikalam?t=5O4Ia8i834982M2CTfTOAQ&s=09

https://instagram.com/jantakikalam?igshid=OGQ5ZDc2ODk2ZA==

https://t.me/jkk21

https://whatsapp.com/channel/0029Va8Wah48V0tizzAQs30d
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.

खबरों और विज्ञापन के लिये सम्पर्क करे
[email protected]
मो. – 9827156570

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button