भिलाई

भिलाई में उत्साहपूर्वक मनाया गया ‘जैवलिन डे’, बीएसपी एथलेटिक्स क्लब की जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में लगभग 200 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

भिलाई – एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के निर्देशानुसार ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा की ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में 07 अगस्त 2026 को देशभर में ‘जैवलिन डे’ मनाया गया। इसी क्रम में भिलाई इस्पात संयंत्र एथलेटिक्स क्लब द्वारा शुक्रवार, 07 अगस्त 2026 को बीएसपी-भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 मैदान में जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया।

भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग तथा सेल एथलेटिक्स अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-14 बालक, अंडर-14 बालिका, पुरुष ओपन तथा महिला ओपन वर्गों में किया गया। प्रत्येक वर्ग में प्रथम से दसवें स्थान तक के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

प्रतियोगिता में भिलाई एवं आसपास के क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों के साथ-साथ एचबीएस अकादमी, भिलाई, पीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, भिलाई, भिलाई इस्पात संयंत्र एथलेटिक्स क्लब तथा अन्य संस्थानों के लगभग 200 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

अंडर-14 बालक वर्ग में आर्यन साहू ने प्रथम, देश गुप्ता ने द्वितीय तथा प्रिंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में वंदना प्रथम, तृषा साहू द्वितीय तथा आरती निषाद तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष ओपन वर्ग में किशन कुमार प्रथम, गौतम द्वितीय तथा साहिल मंडावी तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला ओपन वर्ग में बिथिका रावा ने प्रथम, अंजली ठाकुर ने द्वितीय तथा कोशी ध्रुव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि वर्किंग प्रेसिडेंट, बीएसपी एथलेटिक्स क्लब परविंदर सिंह थे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जैवलिन जैसे ओलंपिक खेलों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उप महाप्रबंधक (एससी एंड सीए) एवं पूर्व ओलंपियन राजेन्द्र प्रसाद तथा विशिष्ट अतिथि प्राचार्य, बीएसपी भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 विजय सिंह पवार उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सभी प्रतिभागियों के खेल भावना और प्रदर्शन की सराहना की।

प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु मनसा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, भिलाई द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सचिव, बीएसपी एथलेटिक्स क्लब अनिरुद्ध के नेतृत्व में दीपक पटेल, शिव कुमार, टेकराम साहू, रजनीश सिंह, सुरेश कुमार, रोहित साहू, राजकुमार ठाकुर, ज्ञान सिंह, दामोदरन, आर. सुनील कुमार सहित क्लब के समस्त पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button