जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में ‘सेव अ लाइफ’ अभियान के तहत सीपीसीआर कार्यशाला आयोजित

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग द्वारा विगत दिनों में ‘सेव अ लाइफ’ पहल के अंतर्गत मासिक ‘हैंड्स-ओनली सीपीसीआर (कार्डियो पल्मोनरी सेरेब्रल रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन अस्पताल के ओपीडी कॉम्प्लेक्स में किया गया। इस जन-जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में आपातकालीन हृदयाघात की स्थिति में त्वरित जीवनरक्षक सहायता प्रदान करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को सीपीसीआर तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है।
यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. उदय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन डॉ. कुमुदनी, डॉ. अमित अग्रवाल एवं डॉ. प्रिया पंकज ने एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के डीएनबी रेजिडेंट चिकित्सकों के सहयोग से किया।
कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रशिक्षण मैनिकिन पर सीपीसीआर का अभ्यास किया। एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं डीएनबी रेजिडेंट्स ने प्रत्येक प्रतिभागी को सही तकनीक, शरीर की उचित स्थिति तथा प्रभावी चेस्ट कंप्रेशन की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। साथ ही आयोजित संवाद सत्र में आपातकालीन हृदय देखभाल एवं सीपीसीआर से संबंधित प्रतिभागियों के सभी प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।
जेएलएन अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र की इस पहल का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ-साथ आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता के लिए जागरूक और सक्षम बनाना है। ‘आपात स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत सहायता करें’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नियमित रूप से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम समुदाय में जीवनरक्षक कौशल विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। कार्यक्रम में एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के चिकित्सकों, डीएनबी रेजिडेंट्स एवं अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।




