भिलाई चेम्बर का प्रतिनिधिमंडल कश्मीर चेम्बर ऑफ कॉमर्स से मिला, व्यापार एवं सांस्कृतिक सहयोग पर हुई सार्थक चर्चा…

भिलाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का प्रतिनिधिमंडल अपनी कश्मीर यात्रा के दौरान कश्मीर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों से मिला। इस अवसर पर कश्मीर चेम्बर की ओर से अध्यक्ष अजय भसीन, महासचिव गार्गी शंकर मिश्रा सहित भिलाई चेम्बर के प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
दोनों चेम्बरों के मध्य आयोजित बैठक में महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, व्यापार विकास, उद्योगों के विस्तार तथा पर्यटन को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आपसी सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान से व्यापार और उद्योग के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने तथा उनके लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा कश्मीर और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक-दूसरे से जोड़ने तथा पर्यटन क्षेत्र में पारस्परिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की गई। दोनों पक्षों ने उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में संयुक्त प्रयासों के माध्यम से आर्थिक विकास को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर दोनों चेम्बरों के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी आपसी सहयोग, संवाद और सहभागिता को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया तथा इस मुलाकात को राष्ट्रीय एकता और आर्थिक समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कश्मीर चेम्बर के उपाध्यक्ष जावेद बक्शी,उमर नजीर व अनेक पदाधिकारीयो ने इस बैठक को छत्तीसगढ़ व कश्मीर के संबंध के लिए मील का पत्थर माना है।
लघु उद्योग के अध्यक्ष संजय मिश्रा जी व भिलाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अक्षय गुप्ता,मनोहर कृष्णानी,सुनील मिश्रा,विनय सिंह,अतुल महाजन, नितिन ,राहुल खूबचंदानी, चिन्ना राव,प्रेम रतन गहलोत व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।




