फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 48.67 लाख की साइबर ठगी: दुर्ग पुलिस ने एक और आरोपी दबोचा, ट्रस्ट अकाउंट से मंगवाई जाती थी रकम…

दुर्ग। फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर की गई करीब ₹48.67 लाख की ऑनलाइन ठगी के मामले में साइबर थाना दुर्ग को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। खुलासे में सामने आया है कि ठगी की रकम शिर्डी क्षेत्र में ट्रस्ट के नाम से खोले गए बैंक खाते में ट्रांसफर कराई जा रही थी। इस मामले में इससे पहले आंध्रप्रदेश से दो मुख्य आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस द्वारा साइबर फ्रॉड नेटवर्क के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इंस्टाग्राम लिंक से शुरू हुई ठगी, किस्तों में ट्रांसफर कराए लाखों रुपये
प्रार्थी ने 9 अक्टूबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग निवेश से जुड़ा एक लिंक मिला। लिंक पर क्लिक करने और निर्देशों का पालन करने के बाद अलग-अलग किस्तों में उससे कुल ₹48,67,500 ट्रांसफर करा लिए गए। शिकायत पर साइबर थाना दुर्ग में अपराध दर्ज कर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।
डिजिटल ट्रैकिंग से खुला बैंक अकाउंट का खेल
तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रैकिंग के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम अहमदनगर जिला सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक में संचालित एक ट्रस्ट खाते में RTGS के जरिए भेजी गई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने:
-
ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाता खुलवाया
-
उसी खाते में ठगी की रकम मंगवाई
-
फर्जी निवेश योजना के जरिए लोगों को जाल में फंसाया
महाराष्ट्र से आरोपी गिरफ्तार, सामान जब्त
मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान:
मनोहर लक्ष्मण मोरे (46 वर्ष) निवासी – संगनमेयर, जिला अहमदनगर, महाराष्ट्र
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
-
मोबाइल फोन
-
बैंक पासबुक
-
एटीएम कार्ड
जब्त किए हैं।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
पहले आंध्रप्रदेश से पकड़े गए थे दो आरोपी
इस हाई-वैल्यू साइबर फ्रॉड केस में पुलिस पहले ही आंध्रप्रदेश के अनकापल्ली जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंच बनाई जा रही है।
पुलिस की एडवाइजरी: फॉरेक्स और ऑनलाइन निवेश से पहले करें सत्यापन
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है:
-
अनजान लिंक पर क्लिक न करें
-
फॉरेक्स/ट्रेडिंग में गारंटीड मुनाफे के दावों से सावधान रहें
-
निवेश से पहले प्लेटफॉर्म की जांच जरूर करें
-
साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




