आंगन मिलन समारोह में गजेन्द्र यादव ने माताओं को बांटी पोषण किट, सेलूद में मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर जोर…
आंगन मिलन समारोह में गर्भावस्था से संस्कार निर्माण का संदेश, मोबाइल के संतुलित उपयोग और नशामुक्ति की भी अपील

दुर्ग । महिला एवं बाल विकास विभाग की पाटन परियोजना द्वारा ग्राम सेलूद में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवजात शिशुओं की माताओं एवं गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार किट वितरित की और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
मंत्री ने कहा कि बच्चे के अच्छे संस्कार और व्यक्तित्व की नींव गर्भावस्था से ही प्रारंभ होती है। गर्भवती माता का स्वस्थ, प्रसन्न और सकारात्मक रहना गर्भस्थ शिशु के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
गर्भावस्था से शुरू होती है संस्कारों की नींव
गजेन्द्र यादव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पाटन विकासखंड के सेलूद में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल होकर माताओं और बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने लव-कुश तथा रावण-विभीषण का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही मां की संतान होने के बावजूद उनके गुण और संस्कार अलग रहे। उन्होंने इसे गर्भावस्था के दौरान मां के वातावरण, विचार और सकारात्मकता के महत्व से जोड़ा।
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बांटी पोषण किट
कार्यक्रम में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत नवजात शिशुओं की माताओं और गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार किट वितरित की गई। मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे ही सशक्त समाज की आधारशिला हैं। गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा पोषण किट प्रदान की जा रही है।
गर्भ संस्कार से जुड़ी गतिविधियों पर जोर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पहले गर्भ संस्कार की परंपरा मुख्य रूप से परिवार स्तर पर निभाई जाती थी, लेकिन अब सरकार भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े इस पहलू पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने पुंसवन संस्कार, गोद भराई, अन्नप्राशन और स्वस्थ शिशु जैसी गतिविधियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जोड़ते हुए इनके महत्व पर प्रकाश डाला।
नशामुक्ति और सकारात्मक वातावरण का संदेश
मंत्री ने लोगों से पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रमों में नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि घर का वातावरण बच्चे के स्वास्थ्य, व्यवहार और संस्कारों पर सीधा प्रभाव डालता है।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं से सकारात्मक विचार रखने और अच्छा साहित्य पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि सकारात्मक वातावरण गर्भस्थ शिशु के संस्कार निर्माण में सहायक हो सकता है।
मोबाइल के संतुलित उपयोग की अपील
बच्चों और परिवारों में बढ़ते मोबाइल उपयोग पर चिंता जताते हुए गजेन्द्र यादव ने कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी एक प्रकार की आदत बनता जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से स्वयं मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने और बच्चों को भी इसके संतुलित उपयोग के लिए प्रेरित करने की अपील की।
आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौना दान की अपील
शिक्षा मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक सुविधायुक्त बनाने के लिए उपस्थित लोगों से खिलौना दान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खिलौनों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
कार्यक्रम में “हर मुनगा, घर-घर मुनगा” का संदेश भी दिया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, सरपंच खिलेश मार्कण्डेय, छाया वर्मा, दिलीप साहू, हर्षा चंद्राकर, लोकमणि चंद्राकर, दिव्या कलिहारी, तिलोत्तमा मोदघरे, राकेश साहू, रानी बंछोर, खेमीन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




