
दुर्ग। रिसाली नगर निगम में कुल 40 वार्ड हैं और सितंबर 2026 में आगामी नगरीय निकाय चुनाव के लिए वार्डों का आरक्षण तय किया जा चुका है। फलस्वरूप रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को रिसाली के मैत्री कुंज स्थित आशीर्वाद भवन में बड़ी संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय की मुख्य उपस्थिति रही, जबकि जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने अध्यक्षता की। 
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, दुर्ग जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन, कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास निगम अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष एवं रिसाली नगर निगम चुनाव प्रभारी अनुराग सिंह देव, प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग आयोग अध्यक्ष राकेश पांडेय, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू, पूर्व विधायक सांवलाराम डहरे, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रितपाल बेल चंदन, चुनाव सह प्रभारी डॉ. श्वेता शर्मा, अंशु चंद्रवंशी, जिला महामंत्री दिलीप साहू एवं विनोद अरोरा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वार्डवार रणनीति और जनसंपर्क अभियान पर चर्चा
बैठक में रिसाली नगर निगम चुनाव की तैयारियों, वार्डवार रणनीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनसंपर्क अभियान सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को महापौर पद सहित सभी वार्डों में संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर सुझाव भी लिए गए।
‘हमन जीतबो’ के संकल्प के साथ एकजुट होकर काम करने का आह्वान
भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेकर कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की एकजुटता के साथ रिसाली नगर निगम चुनाव की तैयारियों में जुटने तथा महापौर और वार्ड स्तर पर पार्टी के पक्ष को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में ‘हमन जीतबो’ के संकल्प के साथ चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
विकास और सुशासन के मुद्दों के साथ जनता से संवाद पर जोर
कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यों में विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लेकर प्रत्येक वार्ड के नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करने की बात कही।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से होती है। उन्होंने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनता तक केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास कार्यों तथा योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
संगठन की एकजुटता को बताया चुनावी तैयारियों का आधार
भाजपा दुर्ग जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियां लगातार आगे बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन और जनता के बीच संपर्क की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वार्ड स्तर पर संवाद बढ़ाने और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक को छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी और छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष एवं रिसाली नगर निगम चुनाव प्रभारी अनुराग सिंह देव ने भी संबोधित किया।
तीन जनप्रतिनिधियों ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता
बैठक के बाद नगर पंचायत उतई के पार्षद शिव ठाकुर, जनपद सदस्य क्रमांक-3 नंद कुमार सिंह और जनपद सदस्य क्रमांक-19 लोमस सिंह ठाकुर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की ओर से बताया गया कि उन्होंने भाजपा की रीति-नीति एवं विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में प्रवेश किया।
भाजपा नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।
संचालन और आभार
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री दिलीप साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह परिहार ने किया।
बैठक में जिला भाजपा के पदाधिकारी, रिसाली एवं मरौदा-पुरैना मंडल के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समापन पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी चुनावी गतिविधियों में एकजुट होकर भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




