हिंदी की रचनात्मक प्रतिभाओं को मिला मंच, नराकास प्रतियोगिताओं में विजेताओं को किया गया सम्मानित…
निबंध और ‘चित्र देखो-कविता लिखो’ प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरित, भिलाई-दुर्ग के विभिन्न संस्थानों के कार्मिकों ने लिया हिस्सा

भिलाई। नगर राजभाषा कार्यालय समिति (नराकास), भिलाई-दुर्ग के तत्वावधान में सेल, केन्द्रीय विपणन संगठन, शाखा विक्रय कार्यालय, सेक्टर-1, भिलाई द्वारा आयोजित ‘हिंदी निबंध प्रतियोगिता’ एवं ‘चित्र देखो-कविता लिखो’ प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। शाखा विक्रय कार्यालय के प्रथम तल स्थित सभागार में हुए कार्यक्रम में प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शाखा विक्रय कार्यालय, सेक्टर-1 के महाप्रबंधक (विक्रय) एवं शाखा प्रबंधक संतोष पात्रा, केन्द्रीय विपणन संगठन के महाप्रबंधक (विक्रय) एवं विक्रय निवासी प्रबंधक बिजय कुमार सहित निर्णायक मंडल के सदस्य नितिन गोस्वामी, सहायक अधीक्षक (डाकघर), उपसंभाग दुर्ग तथा जितेन्द्र दास मानिकपुरी, उप प्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन-राजभाषा), भिलाई इस्पात संयंत्र उपस्थित रहे।
हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत उद्बोधन से हुई। संतोष पात्रा ने आयोजन के लिए नराकास, भिलाई-दुर्ग के प्रोत्साहन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए केन्द्रीय विपणन संगठन, शाखा विक्रय कार्यालय की ओर से इस तरह के आयोजनों का क्रम आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने हिंदी को कार्यालयीन कार्यों और समग्र कार्य निष्पादन में उपयोगी बताया।
बिजय कुमार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रत्येक कर्मचारी को अपने स्तर पर योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और निर्णायक मंडल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किया गया। इसके बाद जून और जुलाई माह में ऑनलाइन आयोजित दोनों प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं उद्देश्य की जानकारी दी गई। नामित राजभाषा अधिकारी एवं सहायक प्रबंधक (विक्रय) नेहा जंघेल ने हिंदी के महत्व और प्रतियोगिताओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
निबंध प्रतियोगिता में अमृता गंगराडे प्रथम
निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर सहायक प्रबंधक (विक्रय) के.पी. शैन ने प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए।
हिंदी निबंध प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र की महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) अमृता गंगराडे ने प्रथम स्थान हासिल किया। भारतीय डाक विभाग के पैकर सौरभ मिश्रा द्वितीय और सेल शाखा विक्रय कार्यालय की कार्यालय प्रशिक्षु गरिमा चन्द्रा तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रोत्साहन पुरस्कार युवराज पैकरा, ईवा बखला, चन्द्रकांत तुकाराम घागरे, किशोर कुमार नशीने और रितिका शर्मा को प्रदान किया गया।
‘चित्र देखो-कविता लिखो’ में केदार नाथ सोनबेर अव्वल
‘चित्र देखो-कविता लिखो’ प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र के व्याख्याता केदार नाथ सोनबेर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अमृता गंगराडे ने द्वितीय और भिलाई इस्पात संयंत्र के इंजीनियरिंग एसोसिएट विजेन्द्र कुमार वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस प्रतियोगिता में प्रोत्साहन पुरस्कार गरिमा चन्द्रा, अनिल कुमार अग्रवाल, अनुराधा ध्रुव, मनीष गुप्ता और अनिल कुमार द्विवेदी को मिला।
कई संस्थानों के कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिताओं में भिलाई इस्पात संयंत्र के साथ-साथ केन्द्रीय विद्यालय, डाक विभाग, सेल रिफ्रैक्टरी यूनिट, भारतीय जीवन बीमा निगम सहित नराकास, भिलाई-दुर्ग के विभिन्न सदस्य संस्थानों के कार्मिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने निबंध लेखन और कविता रचना के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपनी रचनात्मकता, ज्ञान और दक्षता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन सेल शाखा विक्रय कार्यालय की कार्यालय प्रशिक्षु गरिमा चन्द्रा ने किया। आभार प्रदर्शन सहायक महाप्रबंधक (विक्रय) प्रशांत शर्मा ने किया।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




