सेफ्टी वॉरियर्स की बैठक में सुरक्षित कार्यसंस्कृति को लेकर मंथन…
शून्य प्राणांतक दुर्घटना लक्ष्य के लिए जमीनी स्तर पर सुरक्षा पहल तेज करने पर जोर

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग द्वारा सेफ्टी एक्सीलेंस सेंटर के सभागार में संयंत्र के सेफ्टी वॉरियर्स की परिचयात्मक बैठक मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी) श्रीमती पुष्पा एंब्रोस के मुख्य अतिथ्य में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य संयंत्र में सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने, कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों की पहचान करने तथा सुरक्षित कार्य व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए सेफ्टी वॉरियर्स की भूमिका को और प्रभावी बनाना रहा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सेफ्टी वॉरियर्स ने श्रीमती पुष्पा एंब्रोस का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। इसके पश्चात सभी सेफ्टी वॉरियर्स ने अपना परिचय दिया तथा संयंत्र के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए अपने अनुभवों, ऑब्जर्वेशन और सुझावों को साझा किया। वॉरियर्स ने कार्यस्थल पर दिखाई देने वाले संभावित सुरक्षा जोखिमों, सुरक्षित कार्य पद्धतियों तथा सुरक्षा जागरूकता को बढ़ाने के लिए किए जा सकने वाले प्रयासों पर भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर श्रीमती पुष्पा एंब्रोस ने सेफ्टी वॉरियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि संयंत्र में कार्यरत हमारे सेफ्टी वॉरियर्स निःस्वार्थ एवं निर्भीक भाव से कार्य करते हुए “शून्य प्राणांतक दुर्घटना लक्ष्य” की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि सेफ्टी वॉरियर्स द्वारा विभिन्न कार्यस्थलों पर सक्रिय रूप से किए जा रहे ऑब्जर्वेशन और दिए जाने वाले सुझाव सुरक्षा संबंधी जोखिमों की समय पर पहचान और उनके निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सेफ्टी वॉरियर्स से इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए संयंत्र में सुरक्षित कार्य संस्कृति को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
भिलाई के सेफ्टी वॉरियर्स की पहचान अब केवल संयंत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि सेल स्तर पर भी उनके सुरक्षा संबंधी प्रयासों को पहचान मिली है। सेफ्टी वॉरियर्स द्वारा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सेफ्टी सर्कल और सी-राउंड जैसी गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता की जाती रही है। इन गतिविधियों के दौरान उनके द्वारा प्रस्तुत सुरक्षा संबंधी ऑब्जर्वेशन और सुझावों को भी सराहना एवं सम्मान प्राप्त हुआ है। इस प्रकार, सेफ्टी वॉरियर्स संयंत्र में सुरक्षा संस्कृति को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बैठक के दौरान आगामी अवधि में संयंत्र में सुरक्षा जागरूकता एवं सुरक्षित कार्य व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा की गई। सेफ्टी वॉरियर्स की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से कार्यस्थलों पर जोखिमों की पहचान, सुरक्षा संबंधी संवाद और सुधारात्मक उपायों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक श्री अखिल मिश्रा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन सेफ्टी वॉरियर्स लीडर श्री अनिल मिश्रा ने किया।




