भिलाई

सर्विसेस जोन में महिला ठेका श्रमिकों हेतु “नई चेतना” जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

भिलाई इस्पात संयंत्र के सेवाएँ अंचल में कार्यरत महिला ठेका श्रमिकों को स्वास्थ्य, सुरक्षा, कार्यस्थल पर गरिमा एवं श्रम कल्याण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराने के उद्देश्य से ‘नई चेतना’ कार्यशाला का आयोजन 13 अगस्त 2026 को वेलफेयर बिल्डिंग-14 स्थित टी एंड डी विभाग के सभागार में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, वैधानिक प्रावधानों तथा औद्योगिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यस्थल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यशाला के दौरान स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक सहायता, यौन उत्पीड़न से बचाव, कार्यस्थल सुरक्षा तथा श्रम कल्याण जैसे विषयों पर व्यावहारिक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। व्यावसायिक स्वास्थ्य केंद्र के दिनेश कुमार ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के साथ आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों तथा सीपीआर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं उचित प्रतिक्रिया के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर-मिल्स जोन-1) श्रीमती प्रियंका मीणा ने यौन उत्पीड़न की रोकथाम, शिकायत की प्रक्रिया, शिकायत दर्ज कराने की निर्धारित समय-सीमा तथा उपलब्ध शिकायत निवारण तंत्र के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार की अनुचित परिस्थिति की स्थिति में जागरूक होकर उचित माध्यम से शिकायत करने के महत्व पर जोर दिया।

सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन-सेवाएँ) डॉ. उपेन्द्र शर्मा ने महिला ठेका श्रमिकों के कल्याण एवं उपलब्ध सुविधाओं के साथ भविष्य निधि (पीएफ) एवं कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) से संबंधित लाभों की जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों को अपने वैधानिक सामाजिक सुरक्षा लाभों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रियाओं की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रभारी (टी एंड डी) गोपीनाथ मलिक ने महिला ठेका श्रमिकों के साथ संवाद कर कार्यस्थल पर उनके सामने आने वाली चुनौतियों, समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण के महत्व को रेखांकित करते हुए श्रमिकों को अपनी समस्याओं एवं सुझावों को उचित माध्यम से सामने रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन-सेवाएँ) डॉ. उपेन्द्र शर्मा ने किया। कार्यशाला के सफल आयोजन में अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी साजिद हुसैन सहित श्रीमती सोमा रानी, कुमारी प्रिया ठाकुर एवं बीरेन्द्र उराँव का विशेष योगदान रहा।

‘नई चेतना’ जैसी जागरूकता कार्यशालाएं महिला ठेका श्रमिकों को स्वास्थ्य, सुरक्षा, कार्यस्थल पर सम्मानपूर्वक काम, सामाजिक सुरक्षा एवं श्रम कल्याण संबंधी अधिकारों के प्रति सजग बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम सुरक्षित, समावेशी एवं जागरूक कार्यस्थल की संस्कृति को और सुदृढ़ करने में सहायक हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button