भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन…

मुंगेली – राज्य शासन की मंशानुरूप स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में तीन दिवसीय विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जा रहा है। प्रदर्शनी ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम एवं ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ की थीम पर आधारित है। प्रदर्शनी जिला मुख्यालय स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल, सामुदायिक भवन पुराना बस स्टैंड में लगाया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा, नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, एल्डरमैन संजय वर्मा, अमितेश आर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्कूली छात्राओं ने छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शित छायाचित्रों एवं ऐतिहासिक जानकारी का अवलोकन करते हुए प्रदर्शनी की सराहना की।
नगर पालिका उपाध्यक्ष मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। प्रदर्शनी हमारी युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम की गाथाओं से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करता है।
जिला अध्यक्ष केशरवानी ने कहा कि ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ हमें इतिहास के उस दौर की पीड़ा और संघर्ष को स्मरण करने का अवसर देता है, जब लाखों लोगों को विस्थापन और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इतिहास को याद करने का उद्देश्य अतीत की पीड़ा से सीख लेकर देश में शांति, सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी में भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवगाथा, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा भारत के गौरवशाली इतिहास से संबंधित छायाचित्रों को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही भारत विभाजन की विभीषिका से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को भी छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जा रहा है। वहीं वंदे मातरम की थीम के माध्यम से राष्ट्र प्रेम, राष्ट्रीय गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों को स्मरण किया जा रहा है। प्रदर्शनी में लगाए गए छायाचित्र दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी 15 अगस्त 2026 तक आम नागरिकों के अवलोकन के लिए जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करें।




