हत्या के प्रयास के प्रकरण में लगातार फरार चल रहे आरोपी को चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :
दिनांक 09.01.2026 को प्रार्थी ऋतिक प्रसाद गुप्ता, उम्र 22 वर्ष, निवासी साकेत नगर कोहका, चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 09.01.2026 की रात्रि लगभग 12:30 बजे वह अपने मित्र के पीजी से पढ़ाई कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर सोनू यादव, अमन साव, ऋषभ तिवारी एवं प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार द्वारा उसके साथ अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई तथा हाथ-मुक्के, डंडे एवं हाथ में पहने कड़े से प्राणघातक हमला कर चोट पहुंचाई गई।
प्रकरण में थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 35/2026 अंतर्गत धारा 109, 296, 351(3), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान लगातार फरार चल रहे आरोपी प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार की पतासाजी कर उसे अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध करना स्वीकार करने पर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
▪️ मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) :
आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण रास्ता रोककर प्रार्थी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की तथा डंडे एवं हाथ में पहने कड़े से प्राणघातक हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई।
▪️ घटना स्थल :
साकेत नगर, कोहका क्षेत्र, चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
▪️ आरोपी का नाम :
1. प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार, उम्र 25 वर्ष, मूल निवासी बढ़ोनिया, थाना संग्रामपुर, जिला मुंगेर (बिहार), वर्तमान पता अवंति बाई चौक, केयर अस्पताल के पास, कोहका, भिलाई, जिला दुर्ग।
▪️ जप्त सामग्री :
प्रकरण में इस गिरफ्तारी के दौरान कोई अतिरिक्त जप्ती नहीं।
▪️ सराहनीय कार्य :
उक्त कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों की फरार आरोपी की सतत पतासाजी, तकनीकी एवं मैदानी प्रयासों के माध्यम से गिरफ्तारी सुनिश्चित करने में सराहनीय भूमिका रही।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि अथवा फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




