दुर्ग

संविदा श्रमिकों के लिए पारदर्शी एवं समयबद्ध वेतन भुगतान की दिशा में बीएसपी की नई पहल, पीएनबी के साथ रिकॉर्ड ऑफ म्यूचुअल अंडरस्टैंडिंग संपन्न

सेल- भिलाई  इस्पात संयंत्र ने संविदा श्रमिकों के हितों के संरक्षण तथा पारदर्शी, समयबद्ध एवं डिजिटल वेतन भुगतान व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ एस्क्रो आधारित डिजिटल वेतन भुगतान प्रणाली के क्रियान्वयन हेतु रिकॉर्ड ऑफ म्यूचुअल अंडरस्टैंडिंग संपन्न किया। इस संबंध में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) के सम्मेलन कक्ष में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (ऑटोमेशन एवं डिजिटलीकरण)  रवि शंकर, महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) जे. एन. ठाकुर, महाप्रबंधक (मानव संसाधन–वर्क्स)  संजय द्विवेदी, महाप्रबंधक (मानव संसाधन–औद्योगिक संबंध एवं संविदा श्रम प्रकोष्ठ)  राजीव कुमार, महाप्रबंधक (टाउनशिप)  विकास चन्द्रा, महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) श्रीमती सरबानी दास, महाप्रबंधक (मानव संसाधन – मिल्स, एम एंड एस)  प्रताप शेखर नायक और महाप्रबंधक (मानव संसाधन – वेलफेयर)  सुरजीत मलिक सहित मानव संसाधन एवं सी एंड आईटी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। पंजाब नेशनल बैंक की ओर से सर्किल हेड, रायपुर श्री वी. के. शर्मा, सहायक महाप्रबंधक (सीएससी)  प्रवीण कुमार, मुख्य प्रबंधक, सिविक सेंटर शाखा अजीत साहू तथा बैंक के अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर अपने संबोधन में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने कहा कि यह पहल भिलाई इस्पात संयंत्र एवं पंजाब नेशनल बैंक के मध्य सहयोग का एक महत्वपूर्ण माइलस्टोन है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एस्क्रो आधारित डिजिटल वेतन भुगतान प्रणाली के क्रियान्वयन से संविदा श्रमिकों के वेतन भुगतान में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं विश्वसनीयता और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने इस पहल को सफल स्वरूप देने में भिलाई इस्पात संयंत्र की टीम द्वारा किए गए सतत प्रयासों की सराहना करते हुए पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।

महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) जे. एन. ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि यह व्यवस्था संविदा श्रमिकों के वेतन भुगतान से संबंधित प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इससे वैधानिक प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन को भी मजबूती मिलेगी तथा श्रमिकों के हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल में पंजाब नेशनल बैंक द्वारा प्रदान किए जा रहे निरंतर सहयोग की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थानों ने एस्क्रो आधारित डिजिटल वेतन भुगतान प्रणाली के सफल क्रियान्वयन हेतु परस्पर सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक (मानव संसाधन–औद्योगिक संबंध एवं संविदा श्रम प्रकोष्ठ)  राजीव कुमार द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button