दुर्ग

Bhilai News: सिर पर पाना-पेचकस से किया था जानलेवा हमला, इलाज के दौरान तोड़ा दम; मुख्य आरोपी गिरफ्तार…

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए फरार मुख्य आरोपी को जबलपुर (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है।

पुराने विवाद में किया था हमला

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र के आर्य नगर, कोहका पानी टंकी के पास आरोपी श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई (23 वर्ष) ने पुराने विवाद को लेकर मुत्जरर कुमार सोनवानी (27 वर्ष) पर हमला कर दिया। आरोपी ने कथित तौर पर वाहन का पहिया खोलने वाले पाना (व्हील स्पैनर) से युवक के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

घायल मुत्जरर कुमार सोनवानी, जो मूल रूप से बागबाहरा (महासमुंद) का निवासी था और वर्तमान में हाउसिंग बोर्ड, कोहका में रह रहा था, का अस्पताल में इलाज चल रहा था। 29 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

हत्या की धारा जोड़कर आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद सुपेला थाना में पहले अपराध क्रमांक 1056/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पीड़ित की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में धारा 103 (हत्या) जोड़ दी।

फरार आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस ने उसे जबलपुर से अभिरक्षा में लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button