सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र ने किया वासनिक का अभिनंदन, राष्ट्रीय पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में जीते तीन पदक

दुर्ग – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड(सीएसपीडीसीएल), दुर्ग क्षेत्र के उतई वितरण केंद्र में पदस्थ तकनीशियन राज वासनिक ने महाराष्ट्र के संभाजी नगर में आयोजित राष्ट्रीय मास्टर पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक (स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक) अपने नाम किए हैं। दिनांक 19 से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित अखिल भारतीय प्रतियोगिता में उन्होंने 105 किलोग्राम वजन वर्ग समूह में हिस्सा लिया। श्री वासनिक की इस उपलब्धि से पूरे देष में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी का मान बढ़ा है।
प्रतियोगिता के दौरान श्री वासनिक ने अपनी बेहतरीन शक्ति और कौशल का परिचय देते हुए स्क्वॉट् में 290 किलोग्राम(कांस्य पदक), बेंच प्रेस में, 182 किलोग्राम(स्वर्ण पदक) और डेडलिफ्ट में 217 किलोग्राम वजन उठाया। इन सभी स्पर्धाओं में कुल मिलाकर 690 किलोग्राम वजन उठाने के बाद उन्हें ओवरऑल रजत पदक से सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि श्री वासनिक ने इसके पूर्व न्यूजीलैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ पॉवरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर देश और राज्य का नाम रोशन किया था। प्रतियोगिता के पश्चात् दुर्ग लौटने पर सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता एस.मनोज ने श्री वासनिक का आत्मीय अभिनंदन किया। इस अवसर पर पॉवर कंपनी के उच्च अधिकारियों ने वासनिक की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।




