politicsअन्‍यछत्तीसगढ़दुर्गयूटिलिटी न्यूजराजनीति

25 वर्षों की जनसेवा से विकसित भारत के संकल्प तक, छत्तीसगढ़ में चलेगा सेवा संकल्प अभियान…

विजय बघेल - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरक यात्रा

दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने रविवार को दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा सेवा, सुशासन, संकल्प और परिणामों की यात्रा है। सामान्य परिवार से निकलकर देश के नेतृत्व तक पहुंचने वाले मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण और पुरुषार्थ की प्रेरक मिसाल है।

विजय बघेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान उन करोड़ों परिवारों की ओर से आभार की अभिव्यक्ति है, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री मोदी का अनुशासन, समर्पण और जनता के प्रति सेवा भाव सार्वजनिक जीवन में कार्य करने वालों के लिए प्रेरणा देता है।

छत्तीसगढ़ से प्रधानमंत्री का पुराना जुड़ाव

सांसद ने प्रधानमंत्री के छत्तीसगढ़ से पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन में जिम्मेदारी संभालने के दौरान नरेंद्र मोदी ने बस्तर जैसे सुदूर क्षेत्रों में प्रवास किया था। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी छत्तीसगढ़ के साथ विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में जनकल्याण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उनके अनुसार, पिछले एक दशक में देश में करीब 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करीब 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

सुरक्षा और नक्सलवाद के मोर्चे पर भी गिनाईं उपलब्धियां

विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की एकता और अखंडता को मजबूती मिली है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के साथ उरी हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक और पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया।

बस्तर में नक्सल समस्या पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और सुरक्षा बलों के प्रयासों से क्षेत्र में दशकों पुरानी समस्या के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। उनके मुताबिक, बस्तर में अब शांति और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’

सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इस दौरान देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी घर-घर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

विजय बघेल ने जिले के नागरिकों से अपने घर में एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामना और आशीर्वाद व्यक्त करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की विशेष भागीदारी रहेगी।

50 लाख विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य

बच्चों और युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए करीब 25 हजार शिक्षण संस्थानों और 50 लाख विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के अंतर्गत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

विद्यालय स्तर पर 18 सितंबर को ड्राइंग प्रतियोगिता तथा 19 सितंबर को प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता प्रस्तावित है।

वहीं ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं तथा छत्तीसगढ़ में हुए बदलाव की कहानियां आम लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।

माताओं और बच्चों पर रहेगा विशेष फोकस

अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं।

इसका उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को केंद्र में रखते हुए स्वास्थ्य, पोषण तथा कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

सेवा कार्यों में नागरिकों की भागीदारी

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 23 से 25 सितंबर तक नागरिकों और संस्थाओं को कम से कम एक सेवा गतिविधि से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।

29 सितंबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत-2047 की भावना पर आधारित रंगोली बनाई जाएगी। विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी, कलाकार और आम नागरिक इसमें हिस्सा लेंगे।

‘सरकार आपके द्वार’ में मिलेंगे योजनाओं के लाभ

‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें हितग्राहीमूलक योजनाओं के स्वीकृति-पत्र वितरित करने, राजस्व संबंधी प्रकरणों के निराकरण और केंद्र सरकार की योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित करने पर जोर रहेगा।

विजय बघेल ने कहा कि इस अभियान में जल संरक्षण को भी विशेष महत्व दिया गया है। ‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत जल स्रोतों की सफाई, जल चौपाल, जल संचय और नदी-घाट स्वच्छता जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’

विजय बघेल ने बताया कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को ग्राम, जिला और राज्य स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

युवाओं की रचनात्मक क्षमता और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। इसकी अवधारणा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ रखी गई है, जिसमें सेवा और सुशासन के अनुभवों को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा।

बूथ स्तर तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता

सांसद ने कहा कि अभियान के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी हितग्राहियों के घर तक पहुंचेंगे, उनसे प्रत्यक्ष संवाद करेंगे और योजनाओं से हुए बदलाव के अनुभव जानेंगे।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय के मंत्र पर काम करने वाली पार्टी है। यह अभियान कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम छोर पर खड़े लोगों से संवाद करने का अवसर देगा। पार्टी, मोर्चा और प्रकोष्ठ अपने-अपने लक्षित वर्गों तक सघन संपर्क अभियान चलाएंगे।

उन्होंने मीडिया की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां जब संचार माध्यमों के जरिए लोगों तक पहुंचेंगी, तो इससे समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में मदद मिलेगी।

‘जनभागीदारी का उत्सव’ बनाने की अपील

विजय बघेल ने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रत्येक पहल समाज के प्रति नागरिकों के उत्तरदायित्व का बोध कराने वाली है।

उन्होंने नागरिकों से सेवा भावना से जुड़ने, समाज के लिए अपना योगदान देने और विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

पत्रकार वार्ता में ये रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं सेवा संकल्प अभियान के जिला समन्वयक ललित चंद्राकर, जिला महामंत्री दिलीप साहू, कार्यक्रम एवं जिला संयोजक विनोद अरोरा तथा मीडिया प्रभारी राजा महोबिया मौजूद रहे।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com/

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।

सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/jkk07?mibextid=ZbWKwL

https://twitter.com/jantakikalam?t=5O4Ia8i834982M2CTfTOAQ&s=09

https://instagram.com/jantakikalam?igshid=OGQ5ZDc2ODk2ZA==

https://t.me/jkk21

https://whatsapp.com/channel/0029Va8Wah48V0tizzAQs30d
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.
खबरों और विज्ञापन के लिये सम्पर्क करे
[email protected]

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button