दुर्ग

विद्यालय परिसर में मदिरा सेवन करने वाले दो आरोपी एवं छात्रा से छेड़छाड़, मारपीट व धमकी देने वाला एक आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनके लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा पूरे जिले में “पिंक पेट्रोलिंग अभियान” प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस की विशेष टीमें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों, बस स्टॉप, पार्क, बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गश्त कर महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने, नशाखोरी, असामाजिक गतिविधियों एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 17.07.2026 को थाना सुपेला की पिंक पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रावणभाठा स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में दो व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर मदिरा सेवन कर रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

चिकित्सीय परीक्षण में मदिरा सेवन की पुष्टि होने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक धारा 36(च) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया तथा धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर अनुविभागीय दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

इसी अभियान के दौरान थाना पुलगांव (चौकी अंजोरा) क्षेत्र में एक छात्रा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 11.07.2026 को कॉलेज जाते समय आरोपी ने उसका पीछा करते हुए रास्ता रोक लिया तथा बातचीत करने का दबाव बनाते हुए गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार, हाथ पकड़कर मारपीट की एवं घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 649/2026 अंतर्गत धारा 78, 74, 126(2), 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जप्त किया गया तथा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) :

थाना सुपेला क्षेत्र में आरोपी शासकीय विद्यालय परिसर में सार्वजनिक स्थान पर बैठकर मदिरा सेवन कर रहे थे, जिससे सार्वजनिक शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना थी।

थाना पुलगांव क्षेत्र में आरोपी द्वारा छात्रा का पीछा कर सुनसान स्थान पर रास्ता रोकते हुए उससे बातचीत करने का दबाव बनाया गया तथा विरोध करने पर अभद्र व्यवहार, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी दी गई।

घटना का कारण :

सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से मदिरा सेवन करना।

छात्रा द्वारा आरोपी से बातचीत नहीं करने पर आरोपी द्वारा आक्रोशवश छेड़छाड़ एवं मारपीट की घटना कारित करना।

घटना स्थल :

1. रावणभाठा स्थित शासकीय विद्यालय परिसर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

2. अंजोरा रोड, खपरी नल के पास, चौकी अंजोरा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।

आरोपी का नाम :

1. मोनूदास मानिकपुरी, उम्र 30 वर्ष, निवासी पचरीपारा, थाना दुर्ग कोतवाली, जिला दुर्ग।
2. शेख साहिल, उम्र 26 वर्ष, निवासी रावणभाठा, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
3. आशीष कुमार यादव, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम खपरी, चौकी अंजोरा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।

जप्त सामग्री :

1. घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन।
2. प्रकरणानुसार वैधानिक कार्यवाही।

सराहनीय भूमिका :

उक्त कार्यवाही में थाना सुपेला पुलिस, थाना पुलगांव, चौकी अंजोरा पुलिस एवं पिंक पेट्रोलिंग टीम की सक्रिय एवं त्वरित भूमिका रही। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलेभर में संचालित पिंक पेट्रोलिंग अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों द्वारा निरंतर सतर्कता के साथ गश्त एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

दुर्ग पुलिस की अपील :

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करना, अभद्र व्यवहार, सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी अथवा अन्य आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना, डायल-112 अथवा दुर्ग पुलिस को दें। दुर्ग पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा पिंक पेट्रोलिंग अभियान के माध्यम से जिलेभर में लगातार निगरानी एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button