lifestyleअन्‍यछत्तीसगढ़जीवन-शैलीदुर्गभिलाईहेल्‍थ

ठेका कर्मचारियों को अब जेएलएन अस्पताल में ही मिलेगी PME सुविधा…

साढ़े तीन साल बाद बदली व्यवस्था, पहले दिन 100 कर्मियों का हुआ आवधिक स्वास्थ्य परीक्षण

भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएच एंड आरसी), सेक्टर-9 में ठेका कर्मचारियों के लिए समर्पित नए पीरियोडिक मेडिकल एग्जामिनेशन (PME) केंद्र की शुरुआत की गई। अस्पताल के पुराने चेस्ट वार्ड में स्थापित इस केंद्र का उद्देश्य ठेका कर्मचारियों को आसान, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण आवधिक चिकित्सा जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है।

ठेका कर्मचारियों को अब जेएलएन अस्पताल में ही मिलेगी PME सुविधा...

केंद्र का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा प्रमुख डॉ. उदय कुमार ने किया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सबिता पंडा, महाप्रबंधक (M&HS) संजय कुमार तथा उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं राष्ट्रीय व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवा केंद्र (NOHSC) के प्रभारी डॉ. शील कमल ठाकुर सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पहले ही दिन 100 कर्मचारियों की जांच

नए केंद्र के शुभारंभ के साथ ही पहले दिन 100 ठेका कर्मचारियों का PME सफलतापूर्वक किया गया। प्रबंधन के अनुसार, भविष्य में कर्मचारियों की आवश्यकता को देखते हुए केंद्र की क्षमता और कार्यप्रणाली का विस्तार किया जाएगा।

ठेका कर्मचारियों को अब जेएलएन अस्पताल में ही मिलेगी PME सुविधा...

बाहरी एजेंसी की निर्भरता होगी कम

पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से ठेका कर्मचारियों का आवधिक चिकित्सा परीक्षण बाहरी एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा था। अब यह सुविधा जेएलएन अस्पताल में उपलब्ध होने से संयंत्र के मौजूदा चिकित्सा संसाधनों और बुनियादी ढांचे का बेहतर उपयोग हो सकेगा।

इस व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण लाभ यह भी होगा कि PME के दौरान यदि किसी कर्मचारी में स्वास्थ्य समस्या या व्यावसायिक स्वास्थ्य से जुड़ा जोखिम सामने आता है, तो उसे जेएलएन अस्पताल में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

नियमित कर्मचारियों की व्यवस्था पूर्ववत

नियमित कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए पीरियोडिक मेडिकल एग्जामिनेशन की सुविधा पहले की तरह राष्ट्रीय व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवा केंद्र (NOHSC) में संचालित होती रहेगी।

भिलाई इस्पात संयंत्र में शुरू की गई यह नई व्यवस्था ठेका कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण को अधिक सुगम बनाने के साथ-साथ समय पर स्वास्थ्य जोखिमों की पहचान और उपचार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button