
भिलाई, 1 सितंबर 2026। हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता, प्रेम और सम्मान की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईआईटी भिलाई में हिंदी माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। हिंदी माह के दौरान संस्थान में विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं में दिखेगी रचनात्मक प्रतिभा
हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने और अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने के लिए निबंध लेखन, स्वरचित कविता लेखन, काव्य सम्मेलन, तात्कालिक भाषण, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इन आयोजनों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मक क्षमता और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
हिंदी सांस्कृतिक विरासत और भावनात्मक एकता का माध्यम : निदेशक
इस अवसर पर आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश ने कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भावनात्मक एकता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि हिंदी माह का आयोजन संस्थान में हिंदी के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने संस्थान के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से हिंदी माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार में योगदान देने का आह्वान किया।
संस्थान में सकारात्मक हिंदी वातावरण बनाने पर जोर
कार्यक्रम में संयुक्त कुलसचिव एवं प्रभारी हिंदी अधिकारी, राजभाषा प्रकोष्ठ के सदस्य सहित संस्थान के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
आईआईटी भिलाई राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है। हिंदी माह के आयोजन का उद्देश्य संस्थान में हिंदी के प्रति सकारात्मक, रचनात्मक और प्रेरणादायक वातावरण तैयार करना है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com




