SSC CHSL Vacancy 2025: अब 3522 पदों पर होगी भर्तियां, बढ़ाई गई 391 वैकेंसी, जानें किस विभाग में सबसे ज्यादा पोस्ट

SSC CHSL Vacancy 2025: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (CHSL) भर्ती 2025 के तहत रिक्त पदों का पूरा ब्योरा जारी कर दिया है. इस बार केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों में कुल 3522 पदों पर भर्ती की जाएगी. पिछले साल के मुकाबले इस बार 391 पदों की बढ़ोतरी हुई है, जिससे अधिक अभ्यर्थियों को नौकरी मिलने का मौका मिलेगा.
किस कैटेगरी में कितनी हैं सीटें?
SSC द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कुल 3522 पदों में से 1675 पद अनारक्षित (UR) वर्ग के लिए हैं. इसके अलावा ओबीसी (OBC) कैटेगरी के लिए 768, ईडब्ल्यूएस (EWS) के लिए 337, एससी (SC) के लिए 490 और एसटी (ST) कैटेगरी के लिए 252 पद निर्धारित किए गए हैं. इन पदों पर लोअर डिविजन क्लर्क (LDC), जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (JSA), पोस्टल असिस्टेंट, सॉर्टिंग असिस्टेंट और डाटा एंट्री ऑपरेटर जैसी नियुक्तियां की जाएंगी.
इन विभागों में सबसे ज्यादा भर्ती
इस भर्ती में सीमा सड़क संगठन (BRO) के तहत 392 पद सबसे अधिक हैं. वहीं, आवास और शहरी कार्य मंत्रालय में 361 पद, रक्षा लेखा महानियंत्रक कार्यालय में 321 पद और गृह मंत्रालय के अधीन इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में 316 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इस भर्ती प्रक्रिया के लिए देशभर से करीब 30.69 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है.
22 जून तक भरना होगा पोस्ट और विभाग का विकल्प
SSC ने टियर-2 परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों को 22 जून की शाम 6 बजे तक अपनी पोस्ट और विभाग की प्राथमिकताएं (Option-cum-Preference) भरने के निर्देश दिए हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया सभी उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य है. जो अभ्यर्थी तय समय के भीतर अपनी पसंद नहीं भरेंगे, उन्हें प्रथम चरण के अस्थायी आवंटन (FRTA) और अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा.
पहले हो चुकी हैं दोनों चरणों की परीक्षाएं
CHSL 2025 की टियर-1 परीक्षा 12 से 30 नवंबर 2025 के बीच आयोजित की गई थी. इसके बाद टियर-2 परीक्षा 10 और 22 अप्रैल 2026 को हुई. अब फाइनल परिणाम जारी करने से पहले उम्मीदवारों से उनकी पसंदीदा पोस्ट और विभाग की जानकारी मांगी जा रही है.
BRO के पद केवल पुरुष उम्मीदवारों के लिए
एसएससी ने यह भी साफ किया है कि सीमा सड़क संगठन (BRO) के अंतर्गत आने वाले पद केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध हैं. ऐसे में उम्मीदवारों को विकल्प भरते समय इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा.
दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती का रिजल्ट भी जारी
इसी बीच कर्मचारी चयन आयोग ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल (एक्जीक्यूटिव) पुरुष एवं महिला भर्ती परीक्षा 2025 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा का परिणाम भी घोषित कर दिया है. आयोग ने उन उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है जो अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), शारीरिक माप परीक्षण (PMT) और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) के अगले चरण के लिए योग्य पाए गए हैं.




